देवरिया में दर्दनाक हादसा: बीमार भांजे को दवा दिलाकर लौट रही थी मौसी, ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा, इकलौते मासूम की मौत

देवरिया के खुखुंदू क्षेत्र में शनिवार देर शाम सिसई ढाले के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दवा कराकर लौट रहे पांच वर्षीय मासूम प्रियांशु की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मौसी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर फरार चालक की तलाश कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 17 May 2026, 10:17 AM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के खुखुंदू क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। सिसई ढाले के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने एक साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में साइकिल सवार पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे दवा दिलाकर लौट रही उसकी 19 वर्षीय मौसी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और आरोपी चालक मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया।

बीमार भांजे को दवा दिलाकर लौट रही थी मौसी

मिली जानकारी के अनुसार, भाटपार रानी थाना क्षेत्र के पकड़ी बाबू गांव के रहने वाले मुलायम विश्वकर्मा की शादी खुखुंदू क्षेत्र के करकटही परसिया गांव निवासी ज्योति विश्वकर्मा के साथ हुई है। ज्योति कुछ दिनों पहले अपने पांच वर्षीय बेटे प्रियांशु विश्वकर्मा और तीन वर्षीय बेटी स्नेहा को लेकर अपने मायके (करकटही परसिया) आई हुई थी। शनिवार को प्रियांशु को तेज बुखार था, जिसके बाद उसकी मौसी निराशा कुमारी (19) उसे साइकिल पर बैठाकर भटनी कस्बे में डॉक्टर से दवा दिलाने ले गई थी।

सिसई ढाले के पास ट्रैक्टर-ट्राली ने रौंदा

देर शाम निराशा कुमारी बच्चे को दवा दिलाकर भटनी से वापस घर लौट रही थी। जैसे ही वह सिसई बंजरिया मार्ग पर स्थित सिसई ढाले के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी साइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों साइकिल समेत सड़क पर गिर गए। दुर्घटना के दौरान निराशा छिटककर सड़क के किनारे पटरी की तरफ गिर गई, जबकि पांच वर्षीय मासूम प्रियांशु ट्रैक्टर-ट्राली के पहिए की चपेट में आ गया और ट्रैक्टर उसे कुचलते हुए आगे निकल गया।

The Candid Talk: आचार्य डॉ. लोकेश मुनि ने सोशल मीडिया और समाज पर रखी बेबाक राय, बोले- लाइक्स और फॉलोअर्स से तय नहीं होता जीवन

अस्पताल में मासूम को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे को देख आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर दौड़े और ट्रैक्टर-ट्राली का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक कुछ दूरी पर गाड़ी को रास्ते में ही छोड़कर मौके से भाग निकला। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रियांशु को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मौसी निराशा कुमारी की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

वाराणसी पुलिस महकमे में भारी फेरबदल: SOG-2 भंग, मिर्जामुराद थाना और रोडवेज चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

माता-पिता का इकलौता बेटा था प्रियांशु, पुलिस जांच में जुटी

इस घटना के बाद से मासूम प्रियांशु के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है क्योंकि प्रियांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी थानेदार जयप्रकाश सिंह यादव ने बताया कि पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों से तहरीर (शिकायत) मिलने पर केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  17 May 2026, 10:17 AM IST

Related News

Advertisement