श्रावणी मेले से पहले बड़ा खुलासा! क्या श्रद्धालुओं की थाली तक पहुंच रहा था ‘ज़हर’ जैसा मिलावटी पनीर?

श्रावणी मेला शुरू होने से पहले देवघर के जसीडीह रेलवे स्टेशन के पास खाद्य सुरक्षा विभाग ने 35 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट किया। जांच में पनीर में भारी मात्रा में स्टार्च मिला। अब सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू हो गई है और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 July 2026, 10:45 AM IST
google-preferred

Deoghar: श्रावणी मेला शुरू होने से पहले देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी पनीर के कारोबार का पर्दाफाश किया है। जसीडीह रेलवे स्टेशन के आसपास चलाए गए विशेष जांच अभियान में करीब 35 किलोग्राम संदिग्ध पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में पनीर में भारी मात्रा में स्टार्च की पुष्टि हुई, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। यह अभियान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर चलाया गया।

रेलवे स्टेशन के पास दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जसीडीह रेलवे स्टेशन के आसपास कई दुकानों की जांच की। सबसे पहले 'शांति कृष्ण दरबार' प्रतिष्ठान में बेचे जा रहे पनीर की जांच की गई। मौके पर फूड टेस्ट में पनीर में भारी मात्रा में स्टार्च पाया गया, जिसके बाद करीब 25 किलोग्राम पनीर नष्ट करा दिया गया।

इसके बाद टीम ने 'अमन एजेंसी' में भी छापेमारी की, जहां 8 से 10 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद हुआ। इसे भी जब्त कर नष्ट कर दिया गया। इस तरह कुल 35 किलोग्राम मिलावटी पनीर बाजार तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।

सप्लाई चेन की जांच शुरू

पूछताछ के दौरान दुकानदारों ने बताया कि पनीर की आपूर्ति रेलवे के माध्यम से होती थी और इसे राजदेव यादव नामक सप्लायर भेजता था। अब प्रशासन पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

श्रावणी मेले से पहले स्वास्थ्य पर बड़ा खतरा

श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं। ऐसे समय मिलावटी खाद्य पदार्थों का बाजार में मिलना सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि यह मिलावटी पनीर कितने समय से बाजार में बिक रहा था और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद ही इन सवालों के जवाब सामने आएंगे।

क्या है Fast Track Court, जिसके गठन का पीएम ने किया ऐलान, जानिए कैसे तुरंत खत्म होगा पेपर लीक का खेल?

प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे खुले में रखे या संदिग्ध डेयरी उत्पाद खरीदने से बचें और किसी भी शिकायत की सूचना संबंधित विभाग को दें।

Location :  Deoghar

Published :  23 July 2026, 10:42 AM IST

Related News

Advertisement