हिंदी
पुलिस अफसरों ने दी पूरे मामले की जानकारी (image: dynamite news)
Deoghar News: बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में पिछले कुछ दिनों से सामने आ रहे रंगदारी और धमकी के मामलों ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र में महज 19 दिनों के भीतर रंगदारी, मारपीट और हथियार दिखाकर धमकी देने से जुड़े चार मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में दुकानदारों से पैसे मांगने, जबरन रकम लेने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, CCTV कैमरा और DVR बरामद किए गए हैं।
नगर थाना क्षेत्र में 28 अगस्त से 15 सितंबर के बीच चार अलग-अलग कांड दर्ज किए गए। पुलिस रिकॉर्ड में कांड संख्या 336/26, 360/26, 363/26 और 364/26 का उल्लेख है। इन मामलों में रंगदारी मांगने, मारपीट करने और हथियार दिखाकर डराने के आरोप शामिल हैं। सबसे ज्यादा चर्चा 15 सितंबर को दर्ज हुए मामलों की है, जिनमें लक्ष्मी चरण द्वारी रोड के दुकानदारों ने शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, कुछ युवक हथियार लेकर दुकान पर पहुंचे और हर महीने 50 हजार रुपये रंगदारी देने की मांग की। आरोप है कि विरोध करने पर दुकानदारों को गोली मारने की धमकी दी गई। दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने मोबाइल अपने कब्जे में लेकर UPI के जरिए 5,103 रुपये ट्रांसफर करवाए और 35 हजार रुपये नकद भी ले लिए। पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
इससे पहले 11 सितंबर की रात करीब 12:25 बजे लक्ष्मी चरण द्वारी रोड के एक दुकानदार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में गौरव झा और निहाल मिश्रा पर हथियार लेकर पहुंचने, मारपीट करने और ब्लेड से हमला करने का आरोप लगाया गया था। इसके अलावा दुकान से CCTV कैमरा और करीब 3,500 रुपये नकद ले जाने की बात भी कही गई थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद इलाके के कारोबारियों में डर का माहौल बन गया।
लगातार घटनाओं को देखते हुए शिवगंगा इलाके के कारोबारियों ने एसपी प्रवीण पुष्कर से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की। कारोबारियों ने अपनी शिकायत में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि देवघर धार्मिक नगरी है और यहां श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और कारोबारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के मुताबिक, रंगदारी मामलों की जांच के लिए तीन टीमें लगाई गईं। आरोपियों की तलाश में देवघर के साथ-साथ जमशेदपुर में भी छापेमारी की गई।पुलिस ने बताया कि गौरव झा और निहाल मिश्रा को जमशेदपुर से पकड़ा गया। पूछताछ के बाद शिवगंगा क्षेत्र में कार्रवाई की गई, जहां से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में CCTV फुटेज और DVR अहम सबूत हो सकते हैं। पुलिस ने विक्रम कुमार चौरसिया को भी गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर CCTV कैमरा और DVR बरामद किया गया। जांच में मोबाइल रिकॉर्ड और कथित डिजिटल लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गौरव झा के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज होने की बात सामने आई है, जबकि निहाल मिश्रा के खिलाफ पांच मामलों का उल्लेख किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं से जुड़े केस शामिल हैं।
देवघर में बाबा मंदिर क्षेत्र से जुड़े छोटे-बड़े हजारों कारोबारी रोजी-रोटी चलाते हैं। ऐसे में हथियार के बल पर रंगदारी मांगने के आरोपों ने शहर के व्यापारिक माहौल को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद कारोबारियों को राहत की उम्मीद है, लेकिन शहर में अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण बड़ी चुनौती बनी हुई है।
Location : Deoghar
Published : 20 September 2026, 8:01 PM IST