हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में महिला (image: social media)
Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में मजदूर और टाइल्स मिस्त्री उपेंद्र पासवान की संदिग्ध मौत का मामला उलझता जा रहा है। कमरे में खून से लथपथ शव मिलने के बाद फरार हुई उसकी दूसरी पत्नी कामनी देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर चल रही है। उपेंद्र की मौत का सच पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, उपेंद्र पासवान की मौत के बाद उसकी दूसरी पत्नी कामनी देवी अपने दो बच्चों के साथ घर से निकल गई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कामनी मायके से निकलकर किसी नए ठिकाने की तलाश में थी। इसी दौरान पुलिस ने उसे करजा थाना क्षेत्र के मड़बन रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उपेंद्र पासवान (35) अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 में किराए के मकान में कामनी देवी और उसके दो बच्चों के साथ रहता था।शुक्रवार 18 सितंबर को उसके कमरे में खून से लथपथ शव मिला था। घटना के बाद से ही कामनी बच्चों के साथ गायब थी, जिसके बाद पुलिस का शक उस पर गहराया। उपेंद्र की मां शकुंती देवी के बयान पर दर्ज FIR में आरोप लगाया गया है कि हत्या से पहले उपेंद्र की दोनों आंखें फोड़ दी गई थीं।
पुलिस पूछताछ में कामनी देवी ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज किया है। उसका दावा है कि विवाद के बाद उपेंद्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।हालांकि पुलिस इस दावे को अंतिम सच नहीं मान रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मुजफ्फरपुर पुलिस के मुताबिक, उपेंद्र और कामनी दोनों पहले से शादीशुदा थे। दोनों के बीच रिश्तों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, कामनी के किसी अन्य व्यक्ति से कथित संबंधों को लेकर भी दोनों के बीच तनाव था। इसी एंगल से भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इन रिपोर्टों से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि उपेंद्र की मौत हत्या थी या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मौत की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
Location : Muzaffarpur
Published : 20 September 2026, 8:41 PM IST