हिंदी
चोरी के बाद घर की हालत (Image: Dynamite News)
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि घर के बाहर सो रहे दंपती को भनक तक नहीं लगी और चोर अंदर घुसकर पूरा घर खंगाल गए। अंतू थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में शनिवार रात बेखौफ चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह जब पति-पत्नी की नींद खुली तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए।
शिवराजपुर गांव निवासी हरीराम सिंह और उनकी पत्नी उषा सिंह शनिवार रात रोज की तरह घर के बरामदे में सो रहे थे। उषा सिंह के मुताबिक, वह रात करीब 1 बजे तक जाग रही थीं। इसके बाद उन्हें नींद आ गई। इसी दौरान रात करीब 2 बजे से 4 बजे के बीच अज्ञात चोर घर में दाखिल हुए। चोरों ने बंद कमरों को निशाना बनाया और ताले तोड़कर अंदर रखी अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला। हैरानी की बात यह रही कि घर के बाहर बरामदे में सो रहे दंपती को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
पीड़िता उषा सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि चोर घर से 12 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में चांदी की पैंजनी, झाल पेटी, तीन सोने की गले की चेन, एक सोने का झुमका, दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल और सामान से भरा एक वीआईपी ब्रीफकेस शामिल है। सुबह जब दंपती की आंख खुली तो कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने अंतू थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की। अंतू थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Location : Pratapgarh
Published : 20 September 2026, 3:35 PM IST