हिंदी
मुजफ्फरनगर में चेकिंग के दौरान बदला माहौल
Muzaffarnagar: जिले में हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी और कोतवाली नगर पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी शुभम उर्फ छोटन घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में की गई। जानकारी के अनुसार 15 सितंबर को पिन्ना गांव के पास शामली रोड पर सुभाष नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी बंटी उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
हत्या के आरोपी से पुलिस का आमना-सामना
पुलिस के मुताबिक, 23/24 सितंबर की रात सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी शुभम उर्फ छोटन बुढ़ाना-शाहपुर मार्ग से कहीं जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़ गया और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगा।
पुलिस के अनुसार, टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली लगने से आरोपी शुभम उर्फ छोटन घायल हो गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही हत्या की वारदात में उसकी भूमिका को लेकर भी आगे की जांच की जा रही है।
मुजफ्फरनगर में महिलाओं की पिटाई का VIDEO वायरल; घर के अंदर क्या हुआ था? पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या के इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 24 September 2026, 6:50 AM IST