खौफ के साए में घुटती रही युवती, आगरा में दोस्त ने धोखे से बुलाकर साथियों संग किया सामूहिक दुष्कर्म

आगरा में भरोसे का कत्ल! खेत में युवती से सामूहिक दुष्कर्म कर आरोपी हंसी-ठिठोली करते रहे। जान से मारने की धमकी के खौफ में पीड़िता एक महीने तक खामोश रही। वीडियो वायरल होने पर फूटा पीड़िता का दर्द, महिला पुलिस के सामने बयां की आपबीती। पुलिस ने कठोर कार्रवाई का दिया भरोसा।

Updated : 20 July 2026, 4:11 PM IST
google-preferred

Agra: खौफ का साया ऐसा कि जुबान खामोश रही और दरिंदे खुलेआम घूमते रहे। आगरा में एक युवती एक पूरे महीने तक सामूहिक दुष्कर्म का दंश और दहशत घुट-घुटकर सहती रही। जिस दोस्त पर भरोसा करके वह उसके साथ गई थी, उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी जिंदगी तबाह कर दी। मामला तब सामने आया जब वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस जब पीड़िता के पास पहुंची, तो महीनों से सीने में दबा दर्द आंसू बनकर छलक पड़ा। पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

भरोसे का कत्ल... खेत में ले जाकर की दरिंदगी

घटना की शुरुआत विश्वासघात से हुई। पीड़िता की पहचान 'छोटा' नाम के एक युवक से थी। आरोपी छोटा पर भरोसा करके ही युवती खेत तक पहुंची थी, लेकिन उसे क्या पता था कि वहां उसके साथ क्या होने वाला है। खेत में पहले से मौजूद आरोपियों की नीयत खराब थी।

आरोप है कि खेत में आरोपी छोटा के साथ उसके दो अन्य साथियों- विशाल और आकाश ने युवती के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया। जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी।

यह बी पढ़ें-देवरिया में छात्रों का फूटा गुस्सा! NEET पेपर लीक के विरोध में सपा का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

धमकी के साए में एक महीना, बेबस मां से भी छिपाया दर्द

दुष्कर्म के बाद आरोपी पीड़िता को धमकी देकर चले गए। युवती के पिता का साया पहले ही उसके सिर से उठ चुका था। घर में केवल विधवा मां थी। पिता के न होने और आरोपियों की जानलेवा धमकी से युवती इस कदर दहशत में आ गई कि वह अपनी मां से भी यह खौफनाक सच बयां नहीं कर सकी।

पीड़िता एक महीने तक इस सदमे को अकेले झेलती रही। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से ही उसके व्यवहार में भारी बदलाव आ गया था। वह किसी से बात नहीं करती थी और घर से बाहर निकलना बिल्कुल बंद कर दिया था। घरवाले जब भी उससे उदासी का कारण पूछते, तो वह डर के मारे कुछ नहीं बताती थी।

बेशर्मी की हद पार कर हंसी-ठिठोली करते रहे आरोपी

एक तरफ पीड़िता खौफ के साए में घुट रही थी, तो दूसरी तरफ दरिंदों के दिल में कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं था। आरोपी बेखौफ होकर खुलेआम घूमते रहे। वे आपस में इस घिनौनी करतूत की चर्चा करते और हंसी-मजाक उड़ाते थे।

हैरत की बात यह है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भी आरोपी बेशर्मी से हंसी-ठिठोली करते साफ नजर आ रहे हैं। उन्हें अपने किए पर न तो कोई पछतावा था और न ही पकड़े जाने का डर।

ब्लैकमेलिंग के फेर में वायरल हुआ वीडियो

आरोपियों ने दरिंदगी के दौरान युवती का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया था। वक्त बीतने के साथ जब उन्हें लगा कि मामला ठंडा पड़ गया है, तो उन्होंने यह वीडियो अपने एक दोस्त को भेज दिया।

इसके बाद कहानी में नया मोड़ आया। आरोपियों के दोस्त ने उस वीडियो के जरिए उन तीनों को ही ब्लैकमेल करने की कोशिश की। जब ब्लैकमेलिंग की बात नहीं बनी और पैसों या सौदेबाजी पर सहमति नहीं हुई, तो उस दोस्त ने वह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो गया और आरोपियों की करतूत पूरी दुनिया के सामने आ गई।

यह भी पढ़ें-अमेठी में आखिर मां ने ऐसा क्या कहा कि बेटे ने गले पर चला दिया चाकू? सामने आई दिल दहला देने वाली कहानी

पुलिस जांच में फूट-फूटकर रोई पीड़िता

वीडियो इंटरनेट पर सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस तुरंत हरकत में आई और रविवार को महिला पुलिसकर्मियों की टीम पीड़िता के घर पहुंची। जब महिला पुलिस अधिकारियों ने उससे प्यार से पूछताछ की, तो पीड़िता अपने आंसुओं को रोक नहीं पाई और फूट-फूटकर रो पड़ी।

उसने रोते हुए पुलिस के सामने उस खौफनाक दिन का पूरा सच बयां किया। पीड़िता ने आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़िता को पूर्ण सुरक्षा देने का वादा किया है और आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  20 July 2026, 4:09 PM IST

Related News

Advertisement