रिश्वत के 1 लाख रुपये, मोबाइल में ऑडियो रिकॉर्डिंग और फिर गिरफ्तारी; वाराणसी में लेखपाल फंसा

वाराणसी में दाखिल-खारिज की रिपोर्ट लगाने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल के निजी मुंशी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। टीम के मुताबिक, आरोपी के पास से एक लाख रुपये और मोबाइल बरामद हुआ है। मामले में हल्का लेखपाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 September 2026, 12:59 PM IST
google-preferred

Varanasi: दाखिल-खारिज की रिपोर्ट के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत लेने का मामला सामने आने के बाद वाराणसी में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की वाराणसी इकाई ने मंगलवार को यूपी कॉलेज के पास एक लेखपाल के निजी मुंशी को कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उसके पास से एक लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं, मामले में नामजद हल्का लेखपाल मौके से फरार हो गया। टीम उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

रिपोर्ट के नाम पर मांगे थे एक लाख रुपये

मामला पुश्तैनी जमीन की बिक्री के बाद उसके दाखिल-खारिज से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पिता ने अपनी पुश्तैनी जमीन बेची थी। इसके बाद जमीन के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया के लिए लेखपाल की रिपोर्ट की जरूरत थी। शिकायतकर्ता कमलकांत विक्रम, निवासी जैपार (उंदी), शिवपुर, ने एंटी करप्शन टीम को लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि सदर तहसील के सीरगोवर्धनपुर क्षेत्र में तैनात हल्का लेखपाल कुंदन सिंह ने रिपोर्ट लगाने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

“पांच लाख दो, नहीं तो जेल भेज देंगे” वाराणसी में वसूलीकांड: पुलिसकर्मियों समेत छह पर FIR

लेखपाल ने मुंशी को दे दिया शिकायतकर्ता का नंबर

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को लेखपाल कुंदन सिंह ने फोन पर उनसे बातचीत की। इसी दौरान उसने कथित तौर पर बताया कि उनका नंबर उसके निजी मुंशी अशोक कुमार को दे दिया गया है। इसके बाद अशोक कुमार ने शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि मुंशी ने रिश्वत की रकम लेने के लिए उन्हें यूपी कॉलेज परिसर में स्थित इंडियन बैंक के पास बुलाया।

रकम लेते ही टीम ने दबोच लिया

मंगलवार को तय स्थान पर शिकायतकर्ता और निजी मुंशी की मुलाकात हुई। आरोप है कि दोपहर करीब 1:41 बजे अशोक कुमार ने जैसे ही एक लाख रुपये की नकदी ली, वहां पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम ने कथित रिश्वत की रकम उसके कब्जे से बरामद की। कार्रवाई के दौरान उसके मोबाइल फोन को भी कब्जे में लिया गया। इसके बाद टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

वाराणसी पुलिस में चौकियों की कमान बदली: महमूरगंज से लेकर लहुराबीर तक नए प्रभारियों की तैनाती, यहां देखें पूरी लिस्ट

बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलने का दावा

एंटी करप्शन टीम के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अशोक कुमार के मोबाइल फोन की जांच में लेखपाल कुंदन सिंह के साथ रिश्वत के लेनदेन को लेकर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली है। मोबाइल से मिली इस सामग्री को जांच का हिस्सा बनाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, डिजिटल साक्ष्य समेत अन्य उपलब्ध तथ्यों की जांच की जा रही है।

लेखपाल की तलाश में टीम ने की छापेमारी

निजी मुंशी की गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे लेखपाल कुंदन सिंह की तलाश शुरू कर दी। टीम ने तहसील सदर समेत संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। फिलहाल लेखपाल फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और संबंधित टीम की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Varanasi

Published :  23 September 2026, 12:59 PM IST

Related News

Advertisement