हिंदी
बड़ागांव थाना
Varanasi: वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के चिलबिला निवासी सुशील कुमार पांडेय की शिकायत पर जौनपुर के सुरेरी थाने में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसे अवैध असलहा देकर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और पांच लाख रुपये की मांग की गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में राजेंद्र दुबे, वंशनारायण गिरि और चार अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अपहरण, लूट, जबरन वसूली समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने जांच की जिम्मेदारी एसपी ग्रामीण आशीष कुमार को सौंपी है।
पीड़ित सुशील कुमार पांडेय ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 13 सितंबर की सुबह वह घर से करीब 500 मीटर दूर मंदिर पूजा करने जा रहा था। इसी दौरान उसके परिचित राजेंद्र दुबे ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया।
आरोप है कि जब वह हाईवे के पास पहुंचा तो राजेंद्र कार में मिला। इसी दौरान चार अन्य लोग वहां पहुंचे और उसे जबरन कार में बैठा लिया। पीड़ित का दावा है कि इन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया, लेकिन किसी ने वर्दी या पहचान पत्र नहीं दिखाया।
सुशील का आरोप है कि उसे वाराणसी से जौनपुर के सुरेरी थाने ले जाया गया और स्थानीय स्तर पर कोई सूचना नहीं दी गई। थाने पहुंचने के बाद कथित तौर पर उसके हाथ में अवैध असलहा पकड़ाकर वीडियो बनाया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे असलहा तस्कर बताकर कार्रवाई करने की धमकी दी गई और सादे कागज पर हस्ताक्षर भी कराए गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उससे पांच लाख रुपये की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर अवैध असलहा और मादक पदार्थों के मामलों में जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।
पीड़ित ने बताया कि परिवार के लोगों से बातचीत के बाद 1.05 लाख रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा मोबाइल से यूपीआई नंबर पूछकर वंशनारायण गिरि के खाते में तीन बार ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई गई। इसमें 55 हजार रुपये, पांच हजार रुपये और 299 रुपये शामिल हैं।
पीड़ित ने पुलिस को लेनदेन की तारीख, समय और ट्रांजेक्शन आईडी से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं।
सुशील कुमार ने एसपी से सुरेरी थाने की 13 सितंबर की CCTV फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की है। इसके अलावा कथित वीडियो और हस्ताक्षर किए गए दस्तावेजों को भी जांच के लिए सुरक्षित रखने की मांग की गई है।
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसपी ग्रामीण को सौंपी गई है। जांच में CCTV फुटेज, वीडियो, दस्तावेज और ऑनलाइन लेनदेन की जांच अहम होगी।
Location : Varanasi
Published : 23 September 2026, 11:35 AM IST
Topics : police misconduct allegation Sureri police station case UP police extortion case Varanasi Crime News Varanasi police FIR