हिंदी
मैनपुरी में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला (IMG: Dynamite News)
Mainpuri: जिस पिता को बेटी की सुरक्षा और भविष्य का सहारा होना चाहिए था, उसी पर अपनी 15 साल की बेटी की गोली मारकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। इतना ही नहीं, हत्या के बाद सच्चाई छिपाने के लिए परिवार और गांव के कुछ लोगों की मदद से किशोरी का शव आनन-फानन में जला दिया गया। गांव में कहानी फैलाई गई कि लड़की टांड़ से गिरकर घायल हुई थी। उसे अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी भी निकली, लेकिन रास्ते में पिता ने अचानक उसे वापस मोड़ने को कह दिया। पुलिस जांच में जब एक-एक कर घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ीं तो मामला संदिग्ध होता चला गया।
मामला उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के दन्नाहार थाना क्षेत्र के ग्राम नादऊ का है। यहां 17 अक्टूबर 2026 को 15 वर्षीय किशोरी पलक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआत में गांव में यह बात फैलाई गई कि पलक घर की सफाई करते समय टांड़ से नीचे गिर गई थी और गंभीर रूप से घायल हो गई थी। लेकिन पुलिस की जांच में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के पिता भुवनेश उर्फ सीटू पर ही उसे घर के अंदर गोली मारने का आरोप है।
पुलिस जांच के मुताबिक, घटना 17 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे की है। आरोप है कि भुवनेश उर्फ सीटू ने अपनी 15 वर्षीय बेटी पलक को घर के अंदर गोली मार दी थी। गोली लगने के बाद किशोरी जमीन पर गिर गई और घर में खून फैल गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने गांव में यह बात बताई कि पलक टांड़ से गिरकर घायल हो गई है। इसी कहानी के आधार पर उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।
इस मामले में राहुल नाम के व्यक्ति का बयान पुलिस जांच के लिए अहम माना जा रहा है। राहुल के मुताबिक, घटना वाले दिन छोटू उसके पास पहुंचा था। उसने बताया कि सीटू की बेटी पलक टांड़ से गिरकर घायल हो गई है और उसे अस्पताल ले जाना है। इसके बाद राहुल अपनी गाड़ी लेकर सीटू के घर पहुंचा। वहां कई महिला और पुरुष मौजूद थे। राहुल ने पुलिस को बताया कि घर के अंदर पलक जमीन पर पड़ी थी और उसके आसपास काफी खून फैला हुआ था।
मैनपुरी में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला (IMG: Dynamite News)
राहुल के मुताबिक, रास्ते में सीटू ने किसी व्यक्ति को फोन किया और पूछा कि अगर लड़की को गोली लगी है तो क्या सैफई अस्पताल में भर्ती कराने में कोई परेशानी होगी? फोन पर उसे बताया गया कि पुलिस को सूचना दिए जाने की बात है। इसके बाद सीटू ने गाड़ी वापस मोड़ने के लिए कहा। राहुल ने जब गाड़ी वापस ले जाने से मना किया तो सीटू ने कहा कि वह अब गाड़ी नहीं चला पाएगा और उसे घर छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद सभी लोग वापस गांव लौट आए।
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। आरोप है कि सीटू ने गाड़ी के गांव लौटने से पहले ही फोन करके अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने को कह दिया था। गांव पहुंचने के बाद किशोरी के शव को सीधे श्मशान घाट ले जाया गया और उसी दिन शाम को जला दिया गया। पुलिस को आशंका है कि शव का जल्द अंतिम संस्कार कराने के पीछे घटना से जुड़े सबूत मिटाने की मंशा हो सकती है।
पुलिस की पूछताछ के दौरान ग्रामीणों से किशोरी के किसी लड़के से बातचीत करने को लेकर पिता की नाराजगी की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच नाराजगी की चर्चा थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इसी वजह से घटना को अंजाम तो नहीं दिया गया।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा खुद गांव और अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। एसपी ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे घटना की परिस्थितियां संदिग्ध हो जाती हैं। परिवार के लोग भी सहयोग नहीं कर रहे हैं और किशोरी की मौत का स्पष्ट कारण कोई नहीं बता पा रहा है।
Location : Mainpuri
Published : 14 November 2026, 4:05 PM IST