हिंदी
Gorakhpur: गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शनिवार शाम खूनी रंजिश की एक दर्दनाक वारदात सामने आई। बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी (55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में इस कत्ल की कड़ी करीब एक साल पहले हुए एक हत्याकांड से जुड़ती दिख रही है, जिसमें दूसरे पक्ष के व्यक्ति की जान गई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी खूनी अदावत के बदले में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
शिवकुमार शनिवार शाम गांव में ही आयोजित एक ब्रह्मभोज में शामिल होने घर से निकले थे। रास्ते में पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही शिवकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाने से रोक दिया, जिससे गांव में भारी तनाव फैल गया।
सूचना मिलते ही सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस पुरानी रंजिश और कत्ल के इस नए एंगल को ध्यान में रखकर आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 9 August 2026, 2:53 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Murder Case UP News UP Police