हिंदी
शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड को लेकर वकीलों में उबाल (img: dynamite news)
Gorakhpur News: गोरखपुर में ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हत्या से नाराज अधिवक्ताओं ने रविवार को पोस्टमार्टम हाउस के सामने गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। आरोपियों को फांसी देने की मांग की है। प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने मृतक के परिवार को सुरक्षा देने की भी मांग उठाई। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने जाम समाप्त किया।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिव कुमार तिवारी की सनसनीखेज हत्या से हड़कंप मच गया। आरोप है कि पहले उन्हें गोली मारी गई और फिर धारदार हथियार से हमला किया गया।@Uppolice @gorakhpurpolice #Crime pic.twitter.com/NhngejMUdf
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 9, 2026
तलवार से हमला कर की गई थी हत्या
जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की शनिवार शाम सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर तलवार से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2024 से विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लिया
मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, तीन नामजद आरोपियों समेत कुल नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी राहुल चौधरी समेत चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिवार की सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का कहना था कि इस तरह की वारदातों से लोगों में डर का माहौल पैदा होता है। उन्होंने मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मुख्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और घटना की पूरी सच्चाई सामने लाना है।
Location : Gorakhpur News
Published : 9 August 2026, 1:20 PM IST
Topics : Advocates Protest crime news Gorakhpur News Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Shiv Kumar Tripathi Murder Case