हिंदी
भीमताल: उत्तराखंड के भीमताल सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने अपने जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण के नाम समर्पित करते हुए एक अनूठी पहल की। उन्होंने भीमताल झील किनारे बाज, ऊतीस, पागर, शहतूत और मालू जैसे जल संरक्षण से जुड़े वृक्षों का रोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने न केवल अपना जन्मदिन विशेष बनाया, बल्कि समाज को एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया।
झील किनारे लगाए गए पौधों की सुरक्षा...
जानकारी के मुताबिक, वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला प्रशासन, नगर पालिका, ब्लॉक प्रशासन, वन विभाग, सिंचाई विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यान विभाग, हिमालयन जन सेवा फाउंडेशन और ग्राफिक गेरा इको क्लब की टीम सहित कई विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। झील किनारे लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए गए और इनकी देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित विभागों ने ली।
भीमताल झील के संरक्षण के लिए प्रयासरत...
पूरन बृजवासी ने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन जैसे विशेष मौकों पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाता है, बल्कि झीलों और जलस्रोतों के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है।इस मौके पर फरहा खान, नीरज जोशी, मोनू नौटियाल, दीपक पाण्डेय और शुभम प्रधान समेत कई गणमान्य लोग शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम है। पूरन बृजवासी लंबे समय से भीमताल झील के संरक्षण के लिए प्रयासरत हैं।
अस्तित्व को बचाने के लिए ठोस कदम...
इस मौके पर उन्होंने प्रशासन से झील की सफाई और इसके अस्तित्व को बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की। उनका यह अनूठा आयोजन न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि लोगों को यह प्रेरणा भी दे गया कि खास दिनों को प्रकृति और समाज की भलाई के लिए कैसे सार्थक बनाया जा सकता है।
Location : नैनीताल
Published : 19 August 2025, 4:53 PM IST
Topics : Bhimtal lake Birthday Latest News Planting Trees UP News