Nainital: दादा की डांट से टूटा लड़का, कुल 15 साल की उम्र में लटक गया फांसी पर

हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में दादा की डांट से आहत 15 वर्षीय किशोर ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Nainital News: कभी-कभी जिंदगी और मौत के बीच फासला बस कुछ शब्दों का होता है। एक डांट, एक सख्त लहजा और एक नासमझ फैसला…हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके से आई यह घटना दिल को झकझोर देने वाली है। 15 साल के एक किशोर ने दादा की फटकार को इस कदर दिल से लगा लिया कि उसने अपनी जिंदगी खत्म करने का रास्ता चुन लिया।

क्या है पूरा मामला?

बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के उजाला नगर इलाके में रहने वाला किशोर अपने दादा के साथ रहता था। उसके पिता पंजाब में नौकरी करते हैं, जिस वजह से घर की जिम्मेदारी दादा के ही कंधों पर थी। मंगलवार को किशोर रोज की तरह बरेली रोड पर होंडा शोरूम के पास स्थित दादा के ढाबे पर मौजूद था। इसी दौरान दादा ने उसे छिपकर बीड़ी पीते हुए देख लिया।

डांट से टूटा मन

बीड़ी पीते देख दादा नाराज़ हो गए और उन्होंने पोते को कड़ी फटकार लगाई। परिजनों का कहना है कि दादा ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन लहजा सख्त था। डांट खाने के बाद किशोर बिना कुछ बोले घर लौट आया। किसी ने नहीं सोचा था कि यह खामोशी इतनी खतरनाक साबित होगी।

घर पहुंचते ही उठाया खौफनाक कदम

घर आने के कुछ ही समय बाद किशोर ने गुस्से और दुख के बीच फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो दादा घर पहुंचे। पोते को फंदे पर लटका देख उनके हाथ-पांव फूल गए और चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल में घोषित किया मृत

आसपास के लोगों की मदद से किशोर को फंदे से नीचे उतारा गया और परिजन सुषील तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही इलाके में मातम पसर गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि मृतक सातवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल परिवार गहरे सदमे में है।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 4 February 2026, 5:55 PM IST

Advertisement
Advertisement