खजनी में मातम के बीच बड़ा हादसा: दादी के दशगात्र संस्कार में पहुंचा युवक नदी में डूबा, SDRF की खोज जारी

गोरखपुर के खजनी इलाके में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दादी के दशगात्र संस्कार में शामिल होने आया 37 वर्षीय युवक आमी नदी में स्नान करने गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद वहां चीख-पुकार मच गई।

Gorakhpur: जिले के खजनी थाना क्षेत्र के ग्राम इटैली में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। दादी के दशगात्र (दसवां) संस्कार में शामिल होने आए 37 वर्षीय युवक की आमी नदी में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए।

स्थानीय पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और बाद में SDRF टीम भी मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश में जुट गई।

दादी के दशगात्र संस्कार में शामिल हुआ था युवक

जानकारी के अनुसार, ग्राम इटैली निवासी रणविजय पुत्र जोगेन्द्र प्रसाद (37 वर्ष) मंगलवार को अपनी दादी के दशगात्र संस्कार में शामिल था। परंपरा के अनुसार वह नदी किनारे बाल कटवाने के बाद आमी नदी में स्नान करने उतरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह पानी में लापता हो गया।

ये भी पढ़ें- क्या परंपरा पर भारी पड़ रही दबंगई? प्रतापगढ़ में इलाकों पर कब्जे को लेकर आमने-सामने आए दो किन्नर गुट

गोताखोरों की मदद से शुरू हुई युवक की तलाश

घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। सूचना मिलते ही खजनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर SDRF टीम को बुलाया गया। टीम आधुनिक उपकरणों की सहायता से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाती रही।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में दादी के निधन का शोक पहले से था, वहां इस घटना ने दुख को और गहरा कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण भी नदी किनारे देर तक युवक के मिलने की उम्मीद में डटे रहे।

ये भी पढ़ें- इश्क में अंधी पत्नी ने उजाड़ा अपना ही घर, मौसेरे भाई संग मिलकर अपने ही घर में रची ये साजिश और किया बड़ा नाटक

एसएचओ खजनी जयन्त सिंह ने बताया कि डायल-112 से सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया जा रहा है। स्थानीय गोताखोरों के साथ SDRF की टीम भी युवक की तलाश में लगातार जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था और सर्च अभियान जारी था। पुलिस ने बताया कि शव मिलने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 July 2026, 2:29 PM IST

Related News

Advertisement