फतेहपुर में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, इस इलाके में बाढ़ जैसे हालात

फतेहपुर जनपद में यमुना नदी ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। शुक्रवार सुबह 8 बजे तक यमुना का जलस्तर 101.68 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से ऊपर है। पढ़ें पूरी खबर

फतेहपुर:  उत्तर प्रदेश के  फतेहपुर जनपद में यमुना नदी ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। शुक्रवार सुबह 8 बजे तक यमुना का जलस्तर 101.68 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से ऊपर है। ललौली क्षेत्र के आसपास के गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड...

जानकारी के मुताबिक,  पलटापुरवा गांव में पानी घुसने के बाद सिंचाई विभाग ने तत्काल बोरी रखवाने का कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बाढ़ से प्रभावित संभावित क्षेत्रों में मुनादी कराई जा रही है और लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की जा रही है। बाढ़ चौकियों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कई गांवों का संपर्क टूटा

मुतौर-ललौली मार्ग (कोर्रा रोड) पानी में डूब गया है, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को अब 15 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर बहुआ होते हुए आवागमन करना पड़ रहा है। बांदा-सागर रोड पर यमुना का पानी रोड के ऊपर से बहने लगा है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

सड़क बंद कराने या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम..

चिल्ला रोड पर बह रहे पानी में एक डंपर गड्ढे में फंसकर पलट गया, गनीमत रही कि चालक और परिचालक कूदकर जान बचाने में सफल रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से सड़क बंद कराने या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे नाराजगी है।

यमुना के बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रही बारिश...

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन समय रहते चेतावनी जारी करने में विफल रहा। यमुना के बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रही बारिश से हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन का दावा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत-बचाव टीमें तैयार हैं।

मैनपुरी में निजी बस संचालकों का एआरटीओ के खिलाफ हंगामा, बसें खड़ी कर जताया विरोध, पढ़ें पूरी खबर

 

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 1 August 2025, 1:32 PM IST