हिंदी
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदल गया है। मेरठ से अयोध्या तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के अनुसार 27 और 28 जनवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। तापमान में उतार-चढ़ाव से दिन ठंडे और रातें कुछ राहत भरी रह सकती हैं।


उत्तर प्रदेश में गणतंत्र दिवस के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जहां बीते दिन हल्की धूप और गुनगुनी गर्माहट ने लोगों को राहत दी थी, वहीं अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 27 और 28 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। (Img: Google)



मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों, मेरठ, शामली, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बागपत और गौतमबुद्ध नगर में मध्यम से तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। किसानों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। (Img: Google)



अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार, मंगलवार शाम तक पश्चिमी विक्षोभ का असर लखनऊ और आसपास के इलाकों में पहुंच सकता है। इसके बाद अयोध्या, सुल्तानपुर, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। बादलों की घनघोर आवाजाही से दिन में भी अंधेरा छाया रह सकता है। (Img: Google)



प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर में 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आगरा और बरेली में पारा 5.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 से 31 जनवरी के बीच मौसम साफ होने पर न्यूनतम तापमान फिर से गिरेगा, जिससे ठंड और कोहरे का असर बढ़ सकता है। (Img: Google)



बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। हालांकि, बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है, जिससे रात की ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने लखनऊ, अयोध्या, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, बदायूं, संभल, बिजनौर, मुरादाबाद, अलीगढ़ और शामली सहित कई जिलों में अगले 48 घंटों के लिए बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। (Img: Google)
