हिंदी
मेरठ की रिंग सेरेमनी में मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर की मौजूदगी ने कार्यक्रम को चर्चा में ला दिया। मलाइका ने अपने हिट गानों पर शानदार डांस किया, वहीं अर्जुन कपूर भी खूब थिरके।
मलाइका अरोड़ा
Meerut: अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा को मेरठ में खूब नचाया गया। साथ में अर्जुन कपूर भी मेरठ में ठुमके लगाने पहुंचे। दोनों एक ही कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन मंच पर उन्होंने एक-दूसरे से दूरी बनाए रखी, जिसने मेहमानों का ध्यान जरूर खींचा।
लाल लहंगे में मलाइका की धमाकेदार एंट्री
कार्यक्रम में मलाइका अरोड़ा ने अपने सुपरहिट गाने ‘मुन्नी बदनाम हुई’ पर शानदार डांस परफॉर्मेंस दी। लाल रंग के चमकीले लहंगे में सजी मलाइका ने चेहरे पर नकाब डालकर फिल्मी अंदाज में एंट्री की। जैसे ही म्यूजिक बजा, मलाइका के ठुमकों ने माहौल पूरी तरह बॉलीवुडमय बना दिया।
हिट गानों पर बिखेरा जलवा
मलाइका ने सिर्फ ‘मुन्नी बदनाम’ ही नहीं, बल्कि ‘छैंया छैंया’, ‘अनारकली डिस्को चली’, ‘कामिली’, ‘हस्न है सुहाना’, ‘गोरिया चुरा ना मेरा जिया’ और ‘बैरी पिया’ जैसे कई लोकप्रिय गानों पर परफॉर्म किया। उनके डांसिंग स्टाइल और ग्लैमरस लुक की जमकर तारीफ हुई। इसके बाद अभिनेत्री नेहा धूपिया ने भी ‘तन में जलन कुछ ऐसी हो गई’ गाने पर अपनी प्रस्तुति दी और माहौल को और गर्म कर दिया।
अर्जुन कपूर भी खूब थिरके
मलाइका के बाद अर्जुन कपूर मंच पर उतरे और बॉलीवुड के कई मशहूर गानों पर जमकर डांस किया। अर्जुन का मस्तीभरा अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया। मंच पर दोनों ने साथ में परफॉर्म नहीं किया, लेकिन एक ही इवेंट में दोनों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
खास आयोजन में जुटे बॉलीवुड सितारे
मौका था भाजपा के वरिष्ठ नेता और वृंदावन एंक्लेव निवासी संजीव गुप्ता के पुत्र वासु और सागा स्टील्स कंपनी मुरादाबाद के मालिक सौरभ मित्तल की पुत्री सुभाषी मित्तल की रिंग सेरेमनी का। दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित रेगिस में आयोजित इस समारोह में बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
बोले अर्जुन कपूर, मेरठ से है पारिवारिक जुड़ाव
कार्यक्रम के दौरान अर्जुन कपूर ने कहा कि वह गाजियाबाद और नोएडा कई बार आ चुके हैं, लेकिन मेरठ पहली बार आए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता का मेरठ से जुड़ाव रहा है और यह शहर उन्हें काफी बेहतर लगा। मौका मिला तो वह दोबारा जरूर आएंगे।