हिंदी
विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर सच्चाई छिपा रही है। उन्होंने कहा, अगर हालात बिगड़ते हैं तो भारत में गैस और ईंधन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
कांग्रेस नेता का बीजेपी पर तीखा हमला
Mirzapur: विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर सच्चाई छिपा रही है और देश की आर्थिक व विदेश नीति दोनों ही मोर्चों पर विफल साबित हो रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रमोद तिवारी ने कहा कि अयोध्या में गैस सिलेंडर के अभाव में “राम रसोई” जैसी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं, जो सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय 45 दिन के ईंधन भंडारण (फ्यूल रिजर्व) की नीति अपनाई गई थी, जिससे आपात स्थितियों में देश को राहत मिलती थी, लेकिन वर्तमान सरकार उस स्तर की तैयारी नहीं कर सकी।
पौड़ी में मतदाताओं की जानकारी के लिए जन सहायता केन्द्र स्थापित, टोल-फ्री नंबर जारी; जानिये सबकुछ
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें “नेतागिरी का शौक” है, लेकिन जमीनी मुद्दों पर ठोस कार्य नहीं हो रहा। प्रमोद तिवारी ने विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारत लंबे समय से मध्य-पूर्व देशों पर निर्भर रहा है, ऐसे में अंतरराष्ट्रीय संबंधों को संतुलित बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को चिंताजनक बताते हुए कहा कि अगर हालात बिगड़ते हैं तो भारत में गैस और ईंधन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि “गटर से गैस बनाने” जैसे बयान व्यवहारिक नहीं हैं और सरकार को धरातल पर समाधान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा देश की 140 करोड़ जनता को भुगतना पड़ रहा है। प्रमोद तिवारी ने यह भी बताया कि वह पिछले लगभग 40 वर्षों से नियमित रूप से मां विंध्यवासिनी के दरबार में आते रहे हैं, हालांकि कोरोना काल में यह क्रम बाधित हुआ था। उन्होंने मां के दर्शन कर देश, प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।