हिंदी
रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र में एक पंचर दुकानदार ने दबंगों पर दुकान पर कब्जे की कोशिश, तोड़फोड़ और पूरे परिवार के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। कार्रवाई न होने से परेशान पीड़ित परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और न्याय की मांग की।
Raebareli: रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र में एक छोटे दुकानदार का दर्द उस वक्त खुलकर सामने आ गया, जब वह अपने पूरे परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और दबंगों के खिलाफ इंसाफ की गुहार लगाई। मामला उत्तरपारा ग्राम का है, जहां साइकिल पंचर की दुकान चलाने वाले पारस मौर्य ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने उसकी दुकान पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो मामला सिर्फ धमकी तक नहीं रुका, बल्कि तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है, जिससे मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है।
विरोध करने पर दुकान बंद कराई, घर में घुसकर पीटने का आरोप
पीड़ित पारस मौर्य के मुताबिक, उसकी गांव में साइकिल पंचर की दुकान है, जिसे जबरन कब्जाने की कोशिश की गई। आरोप है कि दबंगों ने पहले दुकान में तोड़फोड़ की और फिर उसे बंद करा दिया। मामला यहीं नहीं थमा। पारस का कहना है कि इसके बाद आरोपी उसके घर में घुस आए और परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग घायल हुए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और पूरे परिवार में दहशत फैला दी गई।
पर्ची नहीं तो गैस नहीं… फिर भड़क गया गुस्सा! महराजगंज में गैस एजेंसी पर बवाल, जानें पूरा मामला?
शिकायती पत्र में पारस मौर्य ने गांव के अभिनव, राजदीप, दिलीप, लकी और बाबू मोहम्मद सोहेल सहित अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि घटना के समय गांव में चीख-पुकार मच गई थी और हालात काफी बिगड़ गए थे।
ग्रामीणों ने बचाई जान, अब एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित ने बताया कि शोर-शराबा सुनकर गांव के अनिल अग्निहोत्री और अंकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि आरोपी पक्ष परिवार के साथ मारपीट कर रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और परिवार को बचाया। आरोप है कि जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी भी दे गए। पारस मौर्य का कहना है कि उसने पहले ही भदोखर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर वह शुक्रवार 20 मार्च 2026 को अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं पुलिस प्रशासन ने कहा है कि शिकायत मिल गई है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।