हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
हादसा कासना थाना क्षेत्र में यूपीसीडा कंपनी कट के सामने चौराहे पर हुआ। मंगलवार रात दोनों महिलाएं सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर सिरसा की तरफ भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
मृत महिलाओं की पहचान बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के दहगवां गांव निवासी मनीषा (45) और हिम्मतपुर गांव निवासी विमलेश (43) के रूप में हुई है। दोनों ग्रेटर नोएडा में एक निजी कंपनी में काम करती थी। हादसे की खबर मिलने के बाद उनके परिवारों में मातम छा गया।
हादसे के बाद कासना कोतवाली पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू की। पुलिस ने आगे जाकर ट्रक को रोक लिया और उसे कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के स्वजन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Greater Noida
Published : 30 October 2026, 1:05 PM IST