नैनीताल झील में अचानक कूद गया 6 साल का बच्चा, फिर जो हुआ उसने जीत लिया सबका दिल

नैनीताल में शुक्रवार सुबह करीब छह साल का मूक-बधिर बच्चा अचानक नैनी झील में कूद गया। मौके पर मौजूद टैक्सी चालकों, नाव संचालकों और होटल गाइडों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। एक न्यायाधीश और उनकी पत्नी ने सूखे कपड़े उपलब्ध कराए। बाद में बच्चे की मां कोतवाली पहुंची और उसे गले लगा लिया।

Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल में शुक्रवार सुबह एक ऐसी घटना हुई, जिसने कुछ देर के लिए लोगों की सांसें रोक दीं। मॉल रोड स्थित कैनेडी पार्क के पास करीब छह साल का मूक-बधिर बच्चा अचानक नैनी झील में कूद गया। बच्चे को पानी में गिरता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वहां मौजूद टैक्सी चालकों, नाव संचालकों और होटल गाइडों ने बिना देर किए उसे झील से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद एक न्यायाधीश और उनकी पत्नी ने भी बच्चे की मदद कर सभी का दिल जीत लिया।

सुबह 7:45 बजे झील में कूदा बच्चा

जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह करीब 7:45 बजे की है। बच्चा मॉल रोड स्थित अलका बोट स्टैंड की जेटी तक पहुंचा और अचानक झील में उतर गया। आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ते ही उन्होंने तुरंत उसे बचाने की कोशिश शुरू कर दी।

मौके पर मौजूद टैक्सी चालकों, नाव संचालकों और होटल गाइडों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को पानी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और बच्चे को तल्लीताल कोतवाली ले जाया गया।

न्यायाधीश और उनकी पत्नी ने भी की मदद

झील से बाहर निकलने के कारण बच्चे के कपड़े पूरी तरह भीग चुके थे। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले उत्तराखंड हाईकोर्ट के एक न्यायाधीश और उनकी पत्नी ने बच्चे को देखा। उन्होंने अपने घर से उसके लिए सूखे कपड़े मंगवाए और उसे पहनाए।

वहीं, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीपमणि ने कार्यालय कर्मचारी यशवंत कुमार को बच्चे के परिजनों की जानकारी जुटाने और उन्हें तलाशने की जिम्मेदारी सौंपी।

आसपास के इलाकों में शुरू हुई तलाश

बच्चे की पहचान और उसके परिवार तक पहुंचने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू की। हरिनगर, बूचड़खाने और वैष्णो देवी मंदिर क्षेत्र में भी बच्चे के बारे में जानकारी जुटाई गई। काफी प्रयासों के बाद भी शुरुआत में उसके परिजनों का पता नहीं चल पाया।

Crispy Poori Recipe: इस बार त्योहारों की थाली में लाएं नया स्वाद, बेसन की पूड़ियां देखकर मेहमान भी पूछेंगे रेसिपी

मां ने बच्चे को गले लगाकर बहाए आंसू

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे बच्चे के परिजन सोकर उठे तो वह घर से गायब मिला। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार तल्लीताल कोतवाली पहुंचा। वहां बच्चे को सुरक्षित देखकर उसकी मां भावुक हो गई। उसने बच्चे को गले लगाया और फूट-फूटकर रोने लगी।

परिजनों के मुताबिक, बच्चा सुबह उनके सोते समय घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकल गया था। गनीमत रही कि समय रहते लोगों की नजर उस पर पड़ गई। स्थानीय लोगों की तत्परता और मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।

Location :  Nainital

Published :  30 October 2026, 1:13 PM IST

Related News

Advertisement