हिंदी
योगी आदित्यनाथ (IMG: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजारों और देर रात तक खुले रहने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज रात में बाजारों की रोशनी सिर्फ व्यापार की चमक नहीं, बल्कि व्यापारियों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक भी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले अपराध और असुरक्षा के माहौल के कारण सूर्यास्त होते ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में लिखा कि नए उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रोशनी केवल व्यापार की नहीं, बल्कि व्यापारी के विश्वास का प्रकाश भी है। उन्होंने कहा कि बाजारों में देर रात तक बनी रहने वाली गतिविधियां प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास के माहौल को दर्शाती हैं। इससे व्यापारियों को अपने कारोबार का विस्तार करने के नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में महिलाओं की सुरक्षा और उनकी बढ़ती भागीदारी को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि नाइट शिफ्ट में अपने कार्यस्थल पर निर्भय होकर जिम्मेदारियां निभाती मातृशक्ति का आत्मविश्वास केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है। योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, पहले देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता बनी रहती थी। लेकिन अब सुरक्षित माहौल मिलने से बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही हैं।
CM योगी का बड़ा ऐलान! UP में 500 GCC सेंटर, 50 लाख करोड़ के निवेश और लाखों नौकरियों का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने महिला श्रम बल भागीदारी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में महिलाओं की श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो चुकी है। उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का संकेत बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, महिलाओं की रोजगार में बढ़ती भागीदारी प्रदेश में बदलते सामाजिक और आर्थिक माहौल को दर्शाती है।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश अब सुरक्षा से समृद्धि की ओर आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, रात में खुले बाजार, कारोबारियों का विश्वास और नाइट शिफ्ट में काम करती महिलाएं नए उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर पेश करती हैं। मुख्यमंत्री ने व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को प्रदेश की प्रगति से जोड़ते हुए कहा कि सुरक्षा का बेहतर माहौल विकास के नए रास्ते खोल रहा है।
Location : Lucknow
Published : 30 October 2026, 1:15 PM IST