हिंदी
पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप
Budaun: एच पी सी एल प्लांट पर एक कर्मचारी द्वारा मुख्य प्रबंधक और सहायक प्रबंधक की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या किये जाने के मामले मे बीजेपी के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने जमकर आरोप उछाले और घटना की सीबीआई जांच की मांग तक कर डाली। उन्होंने ठाकुर जाति के स्थानीय नेताओं पर हत्यारे को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दुख जताया और कहा की हत्यारा बीच मीटिंग मे कार से पंहुचा, जबकि वहां बहुत से सुरक्षा गार्ड थे तो चेक क्यों नहीं किया गया। पता चला है कि जो सुरक्षा गार्ड हैं वो कातिल के परिवार के सदस्य हैं और उसके चाचा भतीजे हैं। एक जाति विशेष के लोगो ने उस प्लांट को तबाह और बर्बाद कर दिया है। प्लांट के जीएम सुधीर गुप्ता मुझसे अपना दर्द कहते थे और उन्होंने नौकरी छोड़ने की बात भी कही थी। उन्होने कई बार सुरक्षा मांगी मगर नहीं दी गई। होनहार नौजवान अधिकारी हर्षित मिश्रा भी मारा गया। ऐसे मे सवाल यह है कि क्या इस हत्याकांड के पीछे सिर्फ अजय ठाकुर है। बिलकुल नहीं... इसकी जांच होना चाहिए कि उसको संरक्षण देने वाले एक जाति विशेष के नेता कौन हैं। जिनकी शह पर यह हत्याकांड हुआ।
उन्होंने आगे कहा कि एक कर्मचारी एफआईआर कराता है जबकि मृतको के परिजन वहां थे। एफआईआर परिजनों कि तरफ से होनी चाहिए थी क्योंकि कर्मचारी को तो एक जाति विशेष के लोग धमका लेंगे और वो एफआईआर वापस ले लेगा। किसके कहने पर उस कर्मचारी ने एफआईआर कराई है इसकी भी जांच होनी चाहिए। जिस एसएसपी का ट्रांसफर हुआ है वो जातिवाद को बढ़ावा दे रहा था उसके अंदर जातिवाद कूट-कूटकर भरा हुआ था।
पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने यह भी कहा कि अपराधी किस्म के लोगों से उसके सम्बन्ध थे। अंकिता शर्मा अच्छी अधिकारी हैं बारीकी से जांच करेंगी। सारे ठेके एक जाति विशेष के लोगों को किसके कहने पर मिलते थे। सारे कर्मचारी एक जाति विशेष के क्यों थे। बिना संरक्षण के इतनी बड़ी घटना नहीं हो सकती इसकी सीबीआई जांच होना चाहिए।
Location : Budaun
Published : 14 March 2026, 3:40 PM IST
Topics : Budaun News MP murder UP News क्राइम