हिंदी
कुशीनगर में गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी बैठक कर स्थिति स्पष्ट की। जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। कालाबाजारी या ओवररेटिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने गैस आपूर्ति को लेकर की बैठक
Kushinagar: कुशीनगर जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति है और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। इसी विषय को लेकर शुक्रवार, 13 मार्च को विकास भवन के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित सभी गैस एजेंसियों के डीलर और पेट्रोल-डीजल पंप प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में ईंधन की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करना और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना था।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। वितरण व्यवस्था भी सामान्य रूप से चल रही है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद सभी वितरकों और एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ गैस, पेट्रोल और डीजल का वितरण करें। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनमानस को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं और ग्राहकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। सभी को निर्धारित दरों पर ही ईंधन उपलब्ध कराया जाए।
बदायूं में अचानक बड़ा बदलाव, SSP डॉ. बृजेश कुमार सिंह हटे… अब अंकिता शर्मा संभालेंगी कमान
बैठक के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कहीं भी कालाबाजारी, ओवररेटिंग या उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की जाएगी, जो समय-समय पर गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वितरण व्यवस्था पारदर्शी और सुचारु रूप से चलती रहे।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति आपदा या विशेष परिस्थितियों का फायदा उठाकर अवैध लाभ कमाने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पहले मारा थप्पड़ और फिर… गोरखपुर में ऐसे पकड़े गए शातिर बदमाश; जानें क्या है पूरा मामला
पुलिस अधीक्षक ने एजेंसी संचालकों से कहा कि वे अपने कर्मचारियों को भी ग्राहकों के साथ शालीन और पारदर्शी व्यवहार करने के निर्देश दें। इसके साथ ही एजेंसी परिसर में आवश्यक अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों का मानना है कि इससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वाले लोगों की पहचान आसानी से हो सकेगी और उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।
प्रशासन ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर, पेट्रोल या डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग या पुलिस से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।