हिंदी
गोरखपुर के थाना एम्स क्षेत्र में राह चलते युवक से मोबाइल छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहले युवक को थप्पड़ मारा और फिर मोबाइल छीनकर भाग गए थे। पुलिस ने लूट का मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
थप्पड़ मारकर मोबाइल लूटने वाले आरोपी
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के थाना एम्स क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। राह चलते युवक को थप्पड़ मारकर उसका मोबाइल छीनने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 9 मार्च 2026 को हुई थी, पीड़ित युवक ने थाना एम्स में तहरीर देकर बताया था कि वह रास्ते से गुजर रहा था, तभी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, एक आरोपी ने उसे थप्पड़ मार दिया। अचानक हुए इस हमले से वह घबरा गया और इसी बीच दोनों आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। मोबाइल छीनने के बाद आरोपी मौके से तेजी से फरार हो गए, पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर थाना एम्स में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना एम्स पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
गोरखपुर में तेज रफ्तार का कहर: डंफर की चपेट में आया बाइक सवार, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
जांच के दौरान मिली अहम सुरागों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उनके पास से लूट का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक यादव उर्फ राजू पुत्र जवाहर लाल यादव निवासी हेतिमपुर थाना रामपुर कारखाना जनपद देवरिया तथा दीपक सिंह पुत्र मदन सिंह निवासी सैदरपट्टी थाना महुआडीह जनपद देवरिया के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी देवरिया जिले के रहने वाले हैं और गोरखपुर आकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पहले थाना एम्स में मुकदमा संख्या 64/2026 धारा 309(4) और 352 भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 317(2) की भी बढ़ोतरी कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इन दोनों आरोपियों ने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी मोबाइल लूट की अन्य घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं।
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, उप निरीक्षक विवेक अवस्थी, उप निरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक हिमांशी पाण्डेय और उप निरीक्षक अभिषेक कुमार राय सहित थाना एम्स की पुलिस टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।