हिंदी
युवती की संदिग्ध मौत
Gorakhpur: गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में गर्दन कटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिपराइच ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में करीब एक घंटे तक चले इलाज के बाद युवती ने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलते ही पिपराइच पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंच गई और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
क्या है पूरी खबर
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच क्षेत्र के सिंहोरिया गांव निवासी कमलेश भारती की 23 वर्षीय बेटी नेहा भारती शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजन उसे लेकर सीएचसी पिपराइच पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दोपहर करीब 1 बजे नेहा की मौत हो गई।
बेटी के साथ खेत की तरफ गई
घटना के संबंध में युवती की मां मनोरमा ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपनी बेटी के साथ खेत की तरफ गई थीं। खेत से लौटने के बाद करीब 11 बजे घर पर अचानक नेहा फिसलकर गिर गई। उस समय जमीन पर हंसिया रखा था, जिस पर गिरने से उसकी गर्दन सामने की तरफ से कट गई। गर्दन से तेज खून बहने लगा। परिवार के लोगों ने तुरंत उसकी गर्दन में तौलिया लपेटा और इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
Video: Sonbhadra दौरे में Babita Singh Chauhan का बड़ा बयान, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
गहरी चोट होने के कारण मामला संदिग्ध
हालांकि घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। गर्दन के सामने वाले हिस्से में गहरी चोट होने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। इसी वजह से पुलिस भी हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घर और आसपास के स्थानों की भी जांच-पड़ताल की।
पूरे मामले की गंभीरता से जांच
परिवार के अनुसार, नेहा चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटे भाई हैं। घर में पिता कमलेश, मां मनोरमा और 65 वर्षीय दादी भी रहती हैं। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Location : गोरखपुर
Published : 13 March 2026, 8:58 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News suspicious death UP News