हिंदी
सोनभद्र में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गईं। 80 केंद्रों पर 47,750 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। सभी केंद्र CCTV से लैस हैं और नकल रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
Sonbhadra: सोनभद्र जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं बुधवार, 18 फरवरी 2026 से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारंभ हो गईं। जिले में इस वर्ष कुल 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 47,750 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। पहले दिन दोनों कक्षाओं की हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा के पहले दिन हाईस्कूल (कक्षा 10) की हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की गई। वहीं इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की हिंदी एवं सामान्य हिंदी की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए है, जिसका व्यापक रूप से पालन किया गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही छात्र-छात्राओं की भीड़ नजर आई। केंद्रों के गेट पर चस्पा कक्ष संख्या और रोल नंबर सूची को देखते हुए परीक्षार्थी अपनी कक्षाओं की जानकारी लेते दिखे। कई अभिभावक भी अपने बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए केंद्रों तक पहुंचे।
इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या में लगभग 1,500 की वृद्धि दर्ज की गई है। हाईस्कूल में कुल 27,150 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 13,455 छात्र और 13,695 छात्राएं हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 21,185 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जिनमें 9,932 छात्र और 11,253 छात्राएं शामिल हैं। बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली थीं।
निगरानी के बीच बोर्ड परीक्षा का आगाज
नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार रंग-बिरंगी उत्तर पुस्तिकाओं का उपयोग किया जा रहा है। हाईस्कूल परीक्षार्थियों को मजेंटा पिंक रंग की उत्तर पुस्तिका दी जा रही है, जबकि इंटरमीडिएट के लिए भूरे रंग की कॉपियां निर्धारित की गई हैं। इससे कॉपियों की अदला-बदली और गड़बड़ी की संभावना कम होगी।
जनपद की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 3 नए परीक्षा केंद्र जोड़े गए हैं। परीक्षा संचालन के लिए 6 रूट बनाए गए हैं, जिन पर 6 सचल दस्ते लगातार भ्रमण कर रहे हैं। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर से लैस हैं तथा निगरानी जनपद कंट्रोल रूम से की जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर सेंटर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस वर्ष जिले में किसी भी परीक्षा केंद्र को संवेदनशील घोषित नहीं किया गया है। परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाने के लिए नकल निवारण अध्यादेश सख्ती से लागू रहेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 15 दिनों से विद्यार्थियों को तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा देने हेतु मार्गदर्शन और मनोवैज्ञानिक परामर्श प्रदान किया गया था। प्रशासन का लक्ष्य पूरी परीक्षा प्रक्रिया को शुचिता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।