हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े पुलिस पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना के बाद हुए एनकाउंटर में घायल आरोपी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान पप्पू साहनी के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर राजद नेता का बेटा बताया जा रहा है।
घटना बेला रोड स्थित मंदिर के पास हुई, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने बेला थाना में तैनात विकास कुमार को गोली मार दी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल एएसआई को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही बेला और मिठनपुरा थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी पप्पू साहनी को गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
गंभीर रूप से घायल पप्पू साहनी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पप्पू साहनी मीनापुर के राजद प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर सहनी का पुत्र था। शुरुआती जांच में उसका नाम एटीएम फ्रॉड गिरोह से जुड़े होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Location : Bihar
Published : 18 February 2026, 1:10 PM IST
Topics : ASI bihar encounter police RJD leader