हिंदी
उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम नगवां में मवेशियों के लिए चारा काटने गए एक किसान की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
हाईटेंशन तार की चपेट में आया किसान
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम नगवां में मवेशियों के लिए चारा काटने गए एक किसान की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नगवां गांव के कन्हौली टोला निवासी 43 वर्षीय कैलाश यादव (पुत्र स्वर्गीय रामलखन) मंगलवार दोपहर अपने खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गए थे। खेत के पास एक पोखरा स्थित है, जिसके किनारे पहले से लगा बांस खेत की ओर झुका हुआ था। बताया जा रहा है कि झाड़-झंखाड़ की सफाई के दौरान अचानक उसमें करंट दौड़ गया और कैलाश यादव उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से वह पोखरे में गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की पुष्टि के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
AI समिट 2026: तकनीकी कौशल के बहाने विश्व एकजुट…जानिए कैसे मिलेगा आमजन को प्रवेश?
मौत की खबर मिलते ही पत्नी सुनीता बेसुध होकर गिर पड़ीं, जबकि पुत्र प्रिंस और पुत्री अनन्या एक-दूसरे से लिपटकर रोने लगे। घटना के बाद पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया और ग्रामीणों की भीड़ शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंची। अचानक हुई इस मौत से हर कोई स्तब्ध है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के आसपास लटकते बिजली के तार और असुरक्षित व्यवस्था पहले से ही खतरा बने हुए हैं। समय रहते मरम्मत या सुरक्षा उपाय किए जाते तो शायद यह हादसा टल सकता था। लोगों ने प्रशासन से विद्युत सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।