हिंदी
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। परिषद के सचिव भगवती सिंह के अनुसार इस वर्ष कुल 52,30,297 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। प्रदेशभर में नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। परिषद के सचिव भगवती सिंह के अनुसार इस वर्ष कुल 52,30,297 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। प्रदेशभर में नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
गोरखपुर जनपद में इस वर्ष कुल 1,33,534 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 33,939 बालक, 33,702 बालिकाएं और एक अन्य परीक्षार्थी सहित कुल 67,642 छात्र शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 33,344 बालक, 32,526 बालिकाएं तथा जिला कारागार से 22 परीक्षार्थियों सहित कुल 65,892 छात्र परीक्षा देंगे। जिले में 198 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और किसी भी केंद्र को संवेदनशील घोषित नहीं किया गया है।
नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा कक्षों में वॉयस रिकॉर्डर युक्त दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। गोरखपुर के राजकीय जुबली इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां 20 मॉनिटर के जरिए सभी केंद्रों की निगरानी होगी। प्रत्येक कंप्यूटर से 10 केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। जिले में 10 उड़ाका दल गठित किए गए हैं—जिला स्तर पर 6 और मंडल स्तर पर 4 टीमों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 8 जोनल मजिस्ट्रेट और प्रत्येक विद्यालय में एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
Vastu Tips: क्या सच में घर की सीढ़ियां तय करती हैं करियर की दिशा? जानें सही दिशा और डिजाइन
इस वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। हाईस्कूल की मुख्य कॉपी का रंग ब्राउन और इंटरमीडिएट की गुलाबी होगी, जबकि ‘बी’ कॉपियों के रंग क्रमशः हरा और आसमानी नीला रखे गए हैं। हाईस्कूल कॉपी 16 पृष्ठ और इंटरमीडिएट कॉपी 32 पृष्ठ की होगी। कवर और अंतिम पृष्ठ पर क्यूआर कोड लगाया गया है, जिसे स्कैन करने पर संबंधित जानकारी दिखाई देगी। सभी पन्नों पर विशेष हाशिया और सूक्ष्म अक्षरों में बोर्ड का नाम अंकित किया गया है, जिससे अदला-बदली रोकी जा सके।
UP Encounter: सन्नाटे भरी रात और लगातार एक्शन… पुलिस की बड़ी कार्रवाई में इनामी अपराधी गिरफ्तार
छात्रों को उत्तर पुस्तिका में नाम या पहचान लिखने की अनुमति नहीं होगी और कॉपी में करेंसी या अन्य वस्तु रखना अनुशासनहीनता मानी जाएगी। ऐसे मामलों में एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 के तहत कार्रवाई होगी। पहली बार कक्ष निरीक्षकों को क्यूआर कोड युक्त परिचय पत्र जारी किए जा रहे हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं। बोर्ड का कहना है कि इन नई व्यवस्थाओं से परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और नकलमुक्त बनेगी।