हिंदी
खनन गड्ढे में बड़ा हादसा
Raebareli: रायबरेली में देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खनन के बाद बने गहरे गड्ढे में मिट्टी निकालते समय अचानक ऊपर से मिट्टी का टीला भरभराकर गिर पड़ा। जिससे चार लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच लोग मौके पर दौड़े पर बहुत देर हो चुकी थी। इस हादसे में एक युवक और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
यह पूरा मामला नसीराबाद थाना क्षेत्र के अकेलवा रोड, बड़ी बाग ईदगाह शैयाद नगर का है। यहां जेसीबी मशीन से खनन किया जा रहा था। जिसके चलते करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया था। बताया जा रहा है कि देर रात चार लोग उसी गड्ढे में उतरकर फावड़े से मिट्टी निकाल रहे थे। इसी दौरान ऊपर जमा मिट्टी अचानक ढह गई और चारों लोग उसके नीचे दब गए।
Raebareli Weather: रायबरेली में कड़ाके की ठंड का कहर, प्रशासन ने रैन बसेरों को लेकर की ये खास तैयारी
घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बृजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। इसकी उम्र 19 साल थी। तीन लोगों की हालत गंभीर बताई गई। जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बृजपाल ने भी दम तोड़ दिया। अस्पताल के ईएमओ डॉ. अनुराग शुक्ला ने बताया कि नसीराबाद क्षेत्र से लाए गए एक 60 साल के व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया था। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पुलिस को सूचना दे दी गई है।
रायबरेली में क्रिसमस पर्व पर खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त अभियान, इनका किया निरीक्षण
क्षेत्राधिकारी सलोन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पूरे मामले की जांच कर रही है। खनन के नियमों का पालन हुआ या नहीं, इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
Location : Raebareli
Published : 24 December 2025, 2:02 PM IST