“अब और नहीं सहेंगे” पेपर लीक और दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में बरेली में उबला युवाओं का आक्रोश, कलेक्ट्रेट घेराव!

बरेली में पेपर लीक और जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच हुए इस प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 25 July 2026, 4:30 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बरेली में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन हुआ। दामोदर पार्क में धरना देने के बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे कार्यक्रम के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

धरना समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए दामोदर पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद होने का आरोप

ज्ञापन में कहा गया कि NEET, JEE, रेलवे, SSC, शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठता जा रहा है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है।

Bareilly: जिस भाई की कलाई पर बांधी थी राखी, उसी ने सीने में दाग दी गोली; मातम में बदलीं खुशियां

जंतर-मंतर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग

प्रदर्शनकारियों ने 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय न्यायिक या स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और आंदोलन से जुड़े छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग भी की गई।

Bareilly: इंसानियत शर्मसार, गैस कनेक्शन के बहाने बुलाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, जानिए क्या है पूरा मामला

भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पीड़ित अभ्यर्थियों को राहत की मांग

प्रदर्शनकारियों ने सभी सरकारी भर्तियों और प्रवेश परीक्षाओं में तकनीकी रूप से सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने, राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय भर्ती कैलेंडर जारी करने, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया पूरी करने, उत्तर पुस्तिका, उत्तर कुंजी और स्कोर कार्ड उपलब्ध कराने तथा नॉर्मलाइजेशन व्यवस्था की समीक्षा की मांग की। इसके अलावा आंदोलन में घायल छात्रों को मुआवजा और परीक्षा घोटालों से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की भी मांग रखी गई।

पुलिस की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

धरना, पैदल मार्च और ज्ञापन कार्यक्रम को देखते हुए दामोदर पार्क से लेकर कलेक्ट्रेट तक पुलिस की कड़ी निगरानी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Location :  Bareilly

Published :  25 July 2026, 4:30 PM IST

Advertisement