हिंदी
दलित महिला से सामूहिक दुष्कर्म (Img: Pinterest)
Bareilly: बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव की अनुसूचित जाति की महिला ने गांव के ही तीन युवकों पर गैस कनेक्शन के बहाने बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने, जातिसूचक गालियां देने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 6 जुलाई की दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई गई है। महिला का कहना है कि उसका पति दिव्यांग (गूंगा-बहरा) है और मजदूरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। वह गांव की प्रधान रामा देवी के यहां गैस कनेक्शन संबंधी जानकारी लेने गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद प्रधान पुत्र गुड्डू उर्फ तेजपाल ने यह कहकर उसे वापस भेज दिया कि उसकी मां घर पर नहीं हैं। पीड़िता का आरोप है कि जैसे ही वह लौटने लगी, गुड्डू ने कथित तौर पर अपने साथ मौजूद अजय और शिवम को उकसाया, जिसके बाद दोनों ने उसे पकड़कर जबरन घर के अंदर खींच लिया।
महिला का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसे धमकाया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया और शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने तथा उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके साथ जातिसूचक गालियां भी दीं। महिला का कहना है कि आरोपी प्रभावशाली और राजनीतिक रसूख वाले हैं, जिसके कारण वह और उसका परिवार डरा हुआ है। उसने पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Bareilly: रामगंगा घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज होने अथवा किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
यह समाचार पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही मानी जाएगी
Location : Bareilly
Published : 16 July 2026, 10:03 AM IST
Topics : bareilly news crime news Dalit woman UP News UP Police