नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में क्या साई पल्लवी निभा पाएंगी ‘माता सीता’ का किरदार, दीपिका चिखलिया के इस बयान से खलबली

नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में साई पल्लवी के सीता बनने पर अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साई पल्लवी की अभिनय क्षमता की सराहना की, साथ ही उन्होंने पौराणिक किरदारों की कास्टिंग और दर्शकों की भावनाओं को लेकर भी अहम बात कही।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 25 July 2026, 2:22 PM IST
google-preferred

Mumbai: निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। इसी बीच रामानंद सागर की मशहूर टीवी 'रामायण' में माता सीता का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने साई पल्लवी की कास्टिंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साई पल्लवी को शानदार अभिनेत्री बताया, लेकिन यह भी कहा कि वह अभी नहीं जानतीं कि वह पर्दे पर सीता के रूप में कैसी नजर आएंगी।

'रामायण' से मिली थी घर-घर पहचान

80 और 90 के दशक में प्रसारित रामानंद सागर की 'रामायण' भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय धारावाहिकों में गिनी जाती है। इस धारावाहिक में अरुण गोविल ने भगवान श्रीराम और दीपिका चिखलिया ने माता सीता का किरदार निभाया था। आज भी जब राम और सीता का जिक्र होता है तो लोगों के मन में सबसे पहले इन्हीं दोनों कलाकारों की छवि उभरती है।

Ramayana: बस दो दिन और दूरदर्शन पर आयेगा रामायण

साई पल्लवी की तारीफ

जब दीपिका चिखलिया से पूछा गया कि क्या वह साई पल्लवी को सीता के किरदार में देखने के लिए उत्साहित हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने साई पल्लवी का काम देखा है और वह एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि, "मैं नहीं जानती कि वह सीता जैसी कैसी दिखेंगी। अभी इस बारे में कोई अंदाजा नहीं है। जब फिल्म देखेंगे, तभी पता चलेगा।"

सीता के स्वरूप को लेकर कही यह बात

दीपिका चिखलिया ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास की रामायण में माता सीता के स्वरूप का विशेष वर्णन मिलता है। उनके अनुसार, सीता की बादामी आंखें, संतुलित कद-काठी, घने बाल और आकर्षक व्यक्तित्व का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि रामानंद सागर ऐसी ही अभिनेत्री की तलाश में थे और उन्हें लगा कि उनमें वे सभी गुण मौजूद थे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि फिल्म के निर्माता-निर्देशक को लगता है कि चुने गए कलाकार अपने किरदार के लिए उपयुक्त हैं, तो यह अच्छी बात है।

Top Trending News of the Day: जानिए दिनभर की देश-दुनिया और यूपी से जुड़ी खास खबरें

पौराणिक किरदारों से भावनात्मक जुड़ाव

दीपिका का कहना है कि भारतीय दर्शक पौराणिक पात्रों से भावनात्मक रूप से जुड़े होते हैं। इसलिए ऐसे किरदारों की कास्टिंग करते समय केवल अभिनय ही नहीं, बल्कि कलाकार का व्यक्तित्व और स्क्रीन पर उसकी छवि भी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि निर्देशक को इस पहलू का विशेष ध्यान रखना चाहिए, हालांकि इस तरह के किरदार निभाना किसी भी अभिनेता के लिए आसान नहीं होता।

दो भागों में रिलीज होगी 'रामायण'

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर तय समय पर रिलीज नहीं हो सका और इसे फिलहाल टाल दिया गया है। निर्माता नई रिलीज तारीख की घोषणा बाद में करेंगे।

Location :  Mumbai

Published :  25 July 2026, 2:22 PM IST

Related News

Advertisement