हिंदी
चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Deoria: जनपद में लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर देवरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और चार विधि-विरुद्ध बालकों को पकड़ लिया है। कोतवाली पुलिस और जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कुल 10 घटनाओं का सफल अनावरण हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 23/24 जुलाई की रात को कोतवाली पुलिस और जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम संयुक्त रूप से सक्रिय थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कसया ढाला मालगोदाम के पास छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी और चार विधि-विरुद्ध बालकों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी के तरीके का भी खुलासा किया। उनके अनुसार, वे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे और उन्हें कसया ढाला मालगोदाम में छिपाकर रखते थे। मौका मिलने पर इन वाहनों को बिहार में बेच दिया जाता था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बिहार में बेची जा चुकी हैं। पुलिस अब इस जानकारी के आधार पर आगे की जांच और विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने वाहन चोरी के कुल 10 मामलों का खुलासा करने का दावा किया है। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के नौ वाहन चोरी के मुकदमे और भाटपाररानी थाना क्षेत्र का एक वाहन चोरी का मामला शामिल है। एक साथ इतने मामलों का खुलासा होने से पुलिस इसे महत्वपूर्ण सफलता मान रही है।
कैंटीन ले चलने की बात कही… फिर पत्नी कभी घर नहीं लौटी, सेना के जवान की साजिश का ऐसे हुआ खुलासा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष मध्देशिया (48 वर्ष) पुत्र निवासी धनौती खुर्द, थाना कोतवाली, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। उसके साथ चार विधि-विरुद्ध बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद मोटरसाइकिलों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
Location : Deoria
Published : 24 July 2026, 8:35 PM IST
Topics : bike theft Deoria News UP News UP Police