हिंदी
सोनू घाट से बरहज पीडब्ल्यूडी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। यह मार्ग विगत कई वर्षों से विभाग द्वारा मरम्मत का दावा करके पूरी तरह नहीं सुधारा गया है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
देवरिया में बदहाली की हदें पार
Deoria: सोनू घाट से बरहज पीडब्ल्यूडी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। यह मार्ग विगत कई वर्षों से विभाग द्वारा मरम्मत का दावा करके पूरी तरह नहीं सुधारा गया है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लगभग 30 किलोमीटर लंबा यह मार्ग अत्यंत जर्जर हो चुका है। मार्ग पर दर्जनों सरकारी और निजी विद्यालय हैं, जिनमें हजारों छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। खराब सड़क की वजह से उनके आने-जाने में काफी परेशानी होती है। वाहन चालक और पैदल यात्री हमेशा किसी दुर्घटना की आशंका के डर से यात्रा करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षों में पीडब्ल्यूडी विभाग ने केवल मरम्मत का दिखावा किया, वास्तविक कार्य लगभग ठप पड़ा है।
ग्रामीणों, व्यापारियों और क्षेत्रीय नेताओं का कहना है कि विभागीय उदासीनता के कारण लोगों में भारी नाराजगी है। समय-समय पर विभाग और जनता के बीच टकराव, प्रदर्शन और चक्का जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोग चेतावनी दे रहे हैं कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य नहीं किया गया, तो वे बरहज से देवरिया तक पैदल मार्च करेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों का घेराव करेंगे।
लोकसभा में गरजे अखिलेश यादव: भारत-अमेरिका डील पर सरकार को घेरा, यूपी को लेकर कही बड़ी बात
सोनू घाट बरहज मार्ग पर आयोजित सांकेतिक प्रदर्शन में विजय रावत, संजय सिंह, अविनाश, राहुल, सिराज, सुनील, रणविजय और दिनेश यादव सहित कई स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने विभाग की अनदेखी और वर्षों से लंबित मरम्मत कार्य के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
Blind Murder Case: आगरा ब्लाइंड मर्डर की सुलझी गुत्थी, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
ग्रामीणों और व्यापारियों ने कहा कि इस मार्ग पर भुगतान भी किया जा चुका है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण कार्य धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार कार्य नहीं किया गया, तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग को स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत मरम्मत कार्य पूरा करना होगा, ताकि क्षेत्र की जनता और छात्र सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकें।