हिंदी
नपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कुस्तुभ के निर्देशन में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। थाना राजघाट, शाहपुर और रामगढ़ताल क्षेत्र के चार शातिर अपराधियों को दुराचारी घोषित करते…पढिए पूरी खबर
गोरखपुर: जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कुस्तुभ के निर्देशन में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। थाना राजघाट, शाहपुर और रामगढ़ताल क्षेत्र के चार शातिर अपराधियों को दुराचारी घोषित करते हुए उनके आपराधिक इतिहास के आधार पर “बी” श्रेणी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इस कार्रवाई से जिले के अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरी खबर?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से संगीन अपराधों में लिप्त इन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। बार-बार आपराधिक घटनाओं में संलिप्त पाए जाने और समाज में भय का वातावरण उत्पन्न करने के चलते यह कठोर कदम उठाया गया है।
एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज
थाना राजघाट क्षेत्र के प्रदीप सिंह, निवासी तुर्कमानपुर, पर हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम, चोरी और आबकारी अधिनियम समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। लगातार अपराध में सक्रिय रहने के कारण उसे दुराचारी घोषित किया गया है।
आपराधिक इतिहास
इसी थाना क्षेत्र के करन डोम, निवासी लाल डिग्गी डोमखाना बसंतपुर, का आपराधिक इतिहास भी अत्यंत गंभीर है। करन डोम के विरुद्ध लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि वह संगठित अपराध में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।
थाना शाहपुर क्षेत्र के धन्नजय चौहान, निवासी मिशन स्कूल पुरानी असूरन चुंगी, पर लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। हाल के वर्षों में उसकी आपराधिक सक्रियता बढ़ने पर पुलिस ने उसे भी बी-हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है।
कानून-व्यवस्था
थाना रामगढ़ताल क्षेत्र के विशाल यादव उर्फ छोटे, निवासी मंझरिया बिस्टौल बड़गो, पर हत्या के प्रयास, लूट, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम सहित 12 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बी-हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद इन अपराधियों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी आपराधिक हरकत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इस कदम को जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है