हिंदी
आगरा ब्लाइंड मर्डर की सुलझी गुत्थी
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने तकनीक के सहारे एक जटिल ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाकर अपराध जांच में नया उदाहरण पेश किया है। यमुना एक्सप्रेस-वे के पास युवती का शव मिलने के बाद मामला पूरी तरह से अज्ञात था, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सर्विलांस की मदद से पुलिस ने न केवल मृतका की पहचान की, बल्कि हत्या के आरोपियों तक भी पहुंच गई।
शुक्रवार को खंदौली थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे के पास एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की पहचान न होने के कारण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई और मामला ब्लाइंड मर्डर में तब्दील हो गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सभी संभावित एंगल से जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था।
Raebareli: फर्जी लूट का पर्दाफाश, उधारी से बचने के लिए खुद रची साजिश
इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में आगरा पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया। एआई तकनीक के माध्यम से युवती के चेहरे की डिजिटल तस्वीर तैयार कर उसे सोशल मीडिया और पुलिस नेटवर्क पर साझा किया गया। इसके बाद मृतका की पहचान सोनाली के रूप में हुई, जो मूल रूप से महोबा की रहने वाली थी। जांच में सामने आया कि सोनाली दिल्ली में अपने प्रेमी सनी के साथ रह रही थी। पहचान सामने आते ही पुलिस की जांच को नई दिशा मिली और संदिग्धों की घेराबंदी शुरू कर दी गई।
डीसीपी पश्चिमी आदित्य सिंह के अनुसार, जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सनी किसी दूसरी युवती से शादी करना चाहता था। वहीं, सोनाली द्वारा कथित अवैध गतिविधियों में शामिल होने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी रंजिश में सनी ने अपनी मां और सौतेले पिता प्रदीप के साथ मिलकर सोनाली की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कार में रखकर दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए आगरा ले आया और खंदौली थाना क्षेत्र में फेंक दिया, ताकि पहचान और जांच को भटकाया जा सके।
Mainpuri: हिंदू सम्मेलन में गरमाया माहौल, हनुमानगढ़ी के महंत को धमकी देने का आरोप
तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और साइबर सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली पहुंची, जहां से सनी, उसकी मां और सौतेले पिता प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूला। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस मामले ने यह साफ कर दिया है कि आधुनिक तकनीक अपराध नियंत्रण और जांच में अहम भूमिका निभा रही है।
Location : Agra
Published : 10 February 2026, 3:36 PM IST
Topics : Agra Crime Agra news Agra Police Blind Murder up crime