हिंदी
फ़ाइल फोटो मृतक की (Img: Dynamite News)
Maharajganj: रिश्तेदार की बेटी की शादी से घर लौट रहे एक शिक्षक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार सुबह करीब छह बजे गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोल्हुई थाना क्षेत्र के एकसड़वा ओवरब्रिज के पास हुआ। तेज रफ्तार कार की टक्कर से शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सिद्धार्थनगर जनपद के उस्का बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सरंगी निवासी अश्वनी कुमार जवाहर लाल नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वह सोमवार को नौतनवा थाना क्षेत्र के छितरापार गांव में अपने रिश्ते में दूर के साले की बेटी की शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद मंगलवार सुबह वह बाइक से अकेले अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब वह कोल्हुई थाना क्षेत्र के एकसड़वा ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी सोनौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अश्वनी कुमार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलने पर कोल्हुई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर भेजा। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
काम में ढिलाई पड़ी भारी, 8 इंजीनियरों का वेतन रुका, एक का ट्रांसफर
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Location : Maharajganj
Published : 9 June 2026, 4:10 PM IST