सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, तीन की मौत; दो घायल

सीतापुर के सहजनपुर के पास हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में नीलू, आकाश और गोविंद की मौत हो गई, जबकि सुशील और विकास घायल हो गए।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 November 2026, 9:38 AM IST
google-preferred

सीतापुर: हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सहजनपुर के पास मंगलवार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

लखनऊ से ईंट उतारकर लौट रहे थे सभी लोग

जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार सभी लोग लखनऊ में ईंट उतारने के बाद वापस बिसवां लौट रहे थे। इसी दौरान सीतापुर में हाईवे पर सहजनपुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई।

हादसे में इन तीन लोगों की मौत

मृतकों की पहचान बिनौना निवासी नीलू (35), रानीपुर निवासी आकाश (28) और बुलबुलिया निवासी गोविंद (32) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल सुशील और विकास को उपचार के लिए सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य कराया। घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Sitapur

Published :  17 November 2026, 9:38 AM IST

Advertisement