नोएडा की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा: 18 फीट लंबे भव्य रथ को हरिद्वार से खींचकर लाएंगे 11 शिवभक्त, जानें क्या होगी रथ की खासियत?

नोएडा से इस बार ऐसी कांवड़ यात्रा निकलने जा रही है, जिसकी चर्चा दूर-दूर तक हो रही है। 18 फीट का भव्य रथ, 11 शिवभक्त और उससे जुड़ी खास तैयारियां इसे बाकी यात्राओं से अलग बना रही हैं। इस यात्रा में कई ऐसी अनोखी बातें हैं, जिन्हें जानकर हर शिवभक्त का उत्साह बढ़ जाएगा।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 30 July 2026, 6:40 PM IST
google-preferred

Noida: सावन के पवित्र महीने के साथ कांवड़ यात्रा का उत्साह भी चरम पर पहुंच गया है। इसी बीच नोएडा के सर्फाबाद गांव से निकलने वाली सबसे बड़ी और भव्य कांवड़ यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बार 18 फीट लंबे, 8 फीट चौड़े और 12 फीट ऊंचे विशाल कांवड़ रथ को तैयार किया गया है। इस रथ को 11 शिवभक्त हरिद्वार से नोएडा तक पैदल खींचकर लाएंगे।

विशाल रथ में भगवान भोलेनाथ का मंदिर, शिवलिंग और भगवान गणेश की स्थापना की जाएगी। करीब दो महीने की मेहनत के बाद तैयार हुआ यह रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र रहेगा।

दो महीने में तैयार हुआ विशाल कांवड़ रथ

सर्फाबाद की कांवड़ यात्रा के लिए तैयार किए गए इस विशेष रथ की लंबाई 18 फीट, चौड़ाई 8 फीट और ऊंचाई 12 फीट है। रथ को तैयार करने में करीब दो महीने का समय लगा है। रथ पर दो अलग-अलग मंदिर बनाए गए हैं। एक मंदिर में भगवान महादेव की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जबकि दूसरे मंदिर में शिवलिंग के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा रखी जाएगी। रथ को धार्मिक स्वरूप देने के साथ उसकी मजबूती और यात्रा के दौरान सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। विशाल आकार और आकर्षक धार्मिक स्वरूप के कारण यह कांवड़ रथ हरिद्वार से नोएडा तक के पूरे मार्ग में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचेगा।

ये भी पढ़ें- एक तरफ 90 साल के दादा, दूसरी तरफ 51 लीटर गंगाजल, मुजफ्फरनगर पहुंची इस अनोखी कांवड़ को देख लोग हैरान

4 अगस्त को हरिद्वार से शुरू होगी पैदल यात्रा

यात्रा में शामिल सभी 11 शिवभक्त शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचेंगे। वहां से गंगाजल लेने के बाद 4 अगस्त को विशाल रथ के साथ पैदल यात्रा शुरू की जाएगी। श्रद्धालु करीब छह दिन में हरिद्वार से नोएडा तक की दूरी तय करेंगे और 10 अगस्त को सर्फाबाद पहुंचेंगे। यात्रा के अगले दिन 11 अगस्त को सर्फाबाद स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा पूरी होगी।

रथ में रहेगा 101 लीटर गंगाजल

कांवड़ यात्रा से जुड़े पवन यादव ने बताया कि विशाल कांवड़ रथ में 101 लीटर गंगाजल रखा जाएगा। इसके अलावा यात्रा में शामिल श्रद्धालु करीब 22 लीटर गंगाजल अपने कंधों पर लेकर चलेंगे। सभी शिवभक्त मिलकर रथ को खींचेंगे और गंगाजल को सुरक्षित तरीके से नोएडा तक लेकर आएंगे। यात्रा के दौरान दिन में अधिक दूरी तय करने की योजना बनाई गई है। रात के समय भी कुछ देर यात्रा जारी रखी जाएगी, लेकिन मुख्य रूप से दिन में ही अधिक दूरी पूरी की जाएगी।

15 वर्षों से कांवड़ ला रहे हैं गजेंद्र यादव

इस यात्रा की अगुवाई गजेंद्र यादव कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। इस बार भी यात्रा को पूरी सात्विकता, अनुशासन और स्वच्छता के साथ पूरा किया जाएगा। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु एक-दूसरे के साथ रहेंगे और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए पूरे अनुशासन का पालन करेंगे।

ये भी पढ़ें- NOIDA BREAKING: बुरी फंसी वायरल गर्ल; जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी, रुचिका के खिलाफ FIR दर्ज

टीम खुद तैयार करेगी भोजन

गांव के पूरन प्रधान ने बताया कि यात्रा में शामिल 11 शिवभक्तों के भोजन की व्यवस्था भी टीम के सदस्य खुद करेंगे। यात्रा के दौरान सभी लोग एक साथ चलेंगे और खाने-पीने का जरूरी सामान अपने साथ लेकर जाएंगे। भोजन तैयार करने से लेकर रहने और साफ-सफाई तक की जिम्मेदारी टीम के सदस्य मिलकर संभालेंगे।

हर साल आकर्षण का केंद्र रहती है सर्फाबाद की कांवड़

सर्फाबाद की कांवड़ यात्रा हर साल अपने विशाल और भव्य स्वरूप के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय रहती है। इस बार भी 18 फीट लंबे कांवड़ रथ और 11 शिवभक्तों की टोली के कारण यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है। हरिद्वार से नोएडा तक के सफर में यह विशाल रथ श्रद्धालुओं के बीच भगवान शिव की आस्था और भक्ति का संदेश देगा।

Location :  Noida

Published :  30 July 2026, 6:40 PM IST

Related News

Advertisement