हिंदी
बसपा सुप्रीमो ने एक और नेता को पार्टी से किया बाहर (Img: AI Generated Image)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। पार्टी प्रमुख मायावती ने एक बार फिर बड़ा फैसला लेते हुए अपनी सरकार में मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मायावती ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनंत कुमार मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के चलते तत्काल प्रभाव से बसपा से बाहर किया गया है। इस कार्रवाई के बाद यूपी की सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
बसपा सुप्रीमो ने अपने संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी माहौल के बीच सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विरोधी दल अलग-अलग तरीकों से बसपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में सभी को पार्टी के मिशन और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करना चाहिए।
उत्तर प्रदेश में बी.एस.पी. सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे श्री अनन्त कुमार मिश्रा उर्फ अन्टू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
वैसे भी अब जबकि ख़ासकर उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल काफी गरमाया…— Mayawati (@Mayawati) August 13, 2026
मायावती का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। पार्टी के भीतर बड़े नेताओं पर हो रही कार्रवाई को इसी चुनावी तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
अनंत कुमार मिश्रा बसपा सरकार के दौरान स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा का करीबी माना जाता रहा है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी रही है कि अंटू मिश्रा चुनाव से पहले किसी दूसरे राजनीतिक दल का रुख कर सकते हैं। हालांकि, उनके निष्कासन की आधिकारिक वजह मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को ही बताया है।
यह पहली बार नहीं है जब मायावती ने चुनाव से पहले संगठन के बड़े नेताओं पर सख्त कदम उठाया हो। 2 अगस्त को ही बसपा ने रणधीर सिंह बेनीवाल और अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर किया था। दोनों पर भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए थे।
ये भी पढ़ें- भाजपा 20 हजार देगी या 4.80 लाख का हिसाब? सपा प्रमुख अखिलेश यादव के तंज से गरमाई यूपी की सियासत
खास बात यह है कि अशोक सिद्धार्थ, मायावती के भतीजे आकाश आनंद के ससुर हैं। उनके बाद अब अंटू मिश्रा पर हुई कार्रवाई ने बसपा के अंदर चल रहे बदलावों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।
Location : Lucknow
Published : 13 August 2026, 1:49 PM IST