Maharajganj: सच्चा प्रेम या गहरा सदमा? पति की मौत के कुछ मिनट बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, आपको भी रुला देगी यह स्टोरी

महराजगंज के पनियरा क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति की कुछ ही मिनटों के अंतराल में मौत हो गई। पति की मौत का सदमा पत्नी सहन नहीं कर सकी। दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया।

Maharajganj: खामोश सुबह, बंद दरवाजा और भीतर पसरा सन्नाटा… महराजगंज जनपद से सामने आई यह घटना किसी अपराध से कम झकझोरने वाली नहीं है। कुछ ही मिनटों में एक घर से दो जिंदगियां बुझ गईं। पति की मौत का सदमा पत्नी बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने भी उसी पल दुनिया को अलविदा कह दिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है।

बीमारी से जूझ रहे थे लालमन सिंह

यह मार्मिक घटना पनियरा नगर पंचायत के दीनदयाल नगर की है। यहां रहने वाले 70 वर्षीय लालमन सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उम्र और बीमारी के चलते उनकी हालत लगातार खराब होती जा रही थी। परिजन उनका इलाज करा रहे थे और घर पर ही देखभाल की जा रही थी। बुधवार रात उन्होंने रोज की तरह खाना खाया और सोने चले गए, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी रात होगी।

सुबह नहीं खुलीं आंखें

गुरुवार सुबह 62 वर्षीय पत्नी रूमाली देवी ने पति को जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने कई बार आवाज दी, झकझोरा भी, लेकिन लालमन सिंह नहीं उठे। तब रूमाली देवी को अनहोनी का अहसास हुआ। पति को मृत अवस्था में देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगीं।

यूपी भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का निधन, एक दिन पहले मनाया था बर्थडे; समर्थकों में शोक की लहर

हेडर: पति के सदमे में पत्नी ने भी तोड़ा दम

चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। तब तक साफ हो चुका था कि लालमन सिंह की मौत हो चुकी है। पति के शव के पास बैठकर रूमाली देवी बार-बार रोने लगीं और अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। पहले लोगों को लगा कि वह गहरे सदमे में हैं, लेकिन जब काफी देर तक कोई हरकत नहीं हुई तो उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने रूमाली देवी को भी मृत घोषित कर दिया।

कुछ मिनटों में उजड़ गया घर

कुछ ही मिनटों के अंतराल में पति-पत्नी दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में थोड़ी देर पहले तक सामान्य माहौल था, वहां कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लालमन सिंह और रूमाली देवी का दांपत्य जीवन बेहद प्रेमपूर्ण था। दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ रहते थे और एक-दूसरे के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं करते थे।

New Maharashtra Sadan में देसी दावत, 3 दिन चलेगी हुरडा पार्टी; जानें क्या रहेगा खास

एक साथ उठी अर्थी, नम हुई आंखें

गुरुवार को जब पति-पत्नी की अर्थी एक साथ उठी, तो माहौल बेहद भावुक हो गया। मोहल्ले के लोग, रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में शामिल हुए। रोहिन नदी के भौरा बारी श्मशान घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।

पीछे छोड़ गए भरा-पूरा परिवार

लालमन सिंह और रूमाली देवी अपने पीछे तीन बेटे जगदीश, प्रदीप और संदीप का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद पूरे पनियरा नगर पंचायत और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग इसे सच्चे प्रेम और अटूट रिश्ते की मिसाल बता रहे हैं, जहां एक के बिना दूसरा भी जी न सका।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 2 January 2026, 5:00 PM IST

Advertisement
Advertisement