हिंदी
7 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर: जनपद में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैण्ट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डकैती व चोरी की योजना बनाते हुए छह महिला अभियुक्ताओं सहित कुल सात शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह धार्मिक व पर्यटक स्थलों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर उनसे कीमती आभूषण ठगने व लूटने का काम करता था।
क्या है पूरी खबर?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य पहले ऐसे स्थानों की रेकी करते थे, जहां श्रद्धालु या पर्यटक महिलाएं अकेले आती-जाती थीं। इसके बाद महिलाएं बहला-फुसलाकर उन्हें अपने वाहन या ऑटो-टेंपो में बैठा लेते थे। रास्ते में डर का माहौल बनाकर या चालाकी से उनके आभूषण उतरवा लेते थे और फिर किसी सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो जाते थे।
नुकीली वस्तु से चुभाने का नाटक
पूछताछ में सामने आया कि कई मामलों में अभियुक्त ऑटो रिक्शा या टेंपो में पहले से सवार रहते थे। मौका मिलते ही वे महिलाओं के पास बैठ जाते और सेफ्टी पिन या किसी नुकीली वस्तु से चुभाने का नाटक करते थे। कभी-कभी प्लास्टिक के सांप या छिपकली दिखाकर महिलाओं को भयभीत कर देते थे। इसी अफरा-तफरी के बीच उनके गहने चोरी कर लेते थे।
महराजगंज के एक थानेदार का जूता मारने की धमकी और गाली वाला ऑडियो वायरल, SP ने ASP को सौंपी जांच
चार पहिया वाहन शामिल
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से डकैती में प्रयुक्त होने वाले कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं, जिनमें 09 सेफ्टी पिन, 04 छोटे चाकू, 01 छोटी कैंची, 02 प्लास्टिक की रस्सी, 01 प्लास्टिक का सांप, 01 प्लास्टिक की छिपकली तथा एक चार पहिया वाहन शामिल है। यह वाहन गिरोह वारदातों में इस्तेमाल करता था।
गिरफ्तार अभियुक्त मऊ, जौनपुर और सुलतानपुर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह प्रदेश के अन्य जिलों में भी सक्रिय रहा है। थाना कैण्ट पर इस संबंध में मु0अ0सं0 02/2026 धारा 310(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना
पुलिस अब अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ अन्य घटनाओं से जुड़े सुराग भी जुटा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
Location : गोरखपुर
Published : 2 January 2026, 7:17 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News up crime UP Police