हिंदी
अवैध मिट्टी खनन
महराजगंज: यूपी के महराजगंज जिले में अवैध मिट्टी खनन धड़ल्ले हो रहा है। नौतनवां तहसील के ग्रामीण इलाकों में बंजर भूमि और खेतों से जेसीबी और लोडर मशीनों के जरिए बिना किसी रोक-टोक के मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। इस कार्य में कृषि के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का नियम-विरुद्ध इस्तेमाल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन इस गैरकानूनी गतिविधि को रोकने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मिट्टी माफिया बिना किसी वैध कागजात या अनुमति के मनमाने ढंग से मिट्टी खनन कर रहे हैं, जिससे न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि ग्रामीण सड़कों का भी बुरा हाल हो गया है।
बिना किसी वैध परमिट के चल रहा खनन
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अवैध खनन का यह खेल बिना किसी वैध परमिट या ऑनलाइन आवेदन के चल रहा है। मिट्टी की खोदाई में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। कई स्थानों पर तय सीमा से अधिक गहराई तक मिट्टी खोदी जा रही है, जिससे खेतों की उर्वरता पर भी असर पड़ रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। सूत्रों की मानें तो ईंट भट्टों की अनुमति की आड़ में कुछ मिट्टी माफिया स्थानीय पुलिस और राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं।
वहीं मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लगातार आवागमन से ग्रामीण सड़कों की हालत दयनीय हो गई है। कई सड़कें टूट चुकी हैं, जबकि अन्य पर मिट्टी और धूल की मोटी परत जमा हो गई है। सड़कों से उड़ने वाली धूल के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कणों से लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सांस संबंधी समस्याएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा, जिससे मिट्टी माफिया और बेखौफ हो गए हैं।
क्या बोले उपजिलाधिकारी
इस मामले में नौतनवां के उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने कहा कि अवैध खनन की शिकायतें मिल रही हैं और जल्द ही इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
Location : Maharajganj
Published : 16 May 2025, 9:11 PM IST