हिंदी
घर में घुसकर अकेली महिला से छेड़खानी और अभद्रता
Maharajganj: घुघली थाना क्षेत्र के बरवां खुर्द गांव में एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां एक युवक पर घर में घुसकर अकेली महिला के साथ छेड़खानी और अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है। पीड़िता ने मामले में थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई के न होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बरवां खुर्द निवासी जागमती देवी पत्नी रामाशंकर ने घुघली थानाध्यक्ष को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि शुक्रवार को एक युवक अचानक उनके घर में घुस आया। उस समय महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि युवक ने घर में घुसते ही महिला के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया और छेड़खानी की कोशिश की।
महिला का कहना है कि युवक ने उन्हें अपशब्द कहे और उनके साथ जबरन बदसलूकी करने लगा। विरोध करने पर वह और अधिक आक्रामक हो गया और धमकी देने लगा। इस दौरान महिला बेहद डर गई और किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर वीडियो सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं होती है तो इससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Location : Maharajganj
Published : 7 March 2026, 10:36 PM IST