हिंदी
भारत-अमेरिका ट्रेड डील जल्द होने की उम्मीद (Img: Pinterest)
New Delhi: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार समझौते की बातचीत अब एक निर्णायक चरण में पहुंच गई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच जल्द ही कोई व्यापार समझौता हो सकता है। जयशंकर के अनुसार, बचे हुए मुद्दों पर अमेरिकी पक्ष की ओर से कुछ और बदलाव या तालमेल की जरूरत है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, एस. जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों ही एक ऐसा व्यापार समझौता करना चाहते हैं जो संतुलित हो और दोनों देशों के लिए फायदेमंद हो। उन्होंने बताया कि वे इन चर्चाओं को लेकर पीयूष गोयल के साथ लगातार संपर्क में हैं।
जयशंकर ने संकेत दिया कि बातचीत अब अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने दोहराया कि ज्यादातर मामलों को सुलझा लिया गया है, बस कुछ छोटी-मोटी बातें तय होनी बाकी हैं। उन्होंने आगे कहा कि बचे हुए मुद्दों पर भारतीय पक्ष की तुलना में अमेरिकी पक्ष की ओर से अधिक बदलाव की जरूरत है।
विदेश मंत्री ने कहा कि जब बातचीत अपने अंतिम चरण में पंहुचती है, तो इसके नतीजों को लेकर उत्सुकता होना स्वाभाविक है। लोग यह जानने चाहते हैं कि कौन से मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं और समझौते को अंतिम रूप देने में और कितना समय लगेगा। अपने पिछले अनुभवों का जिक्र करते हुए जयशंकर ने याद दिलाया कि कई साल पहले भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते के दौरान भी ऐसे ही सवाल उठे थे। उस समय भी लोगों में लगातार यह उत्सुकता थी कि समझौता कब पूरा होगा और इसमें कितना समय लगेगा।
वैश्विक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए जयशंकर ने मध्य पूर्व और यूक्रेन में चल रहे संघर्षों, साथ ही अफ्रीका के कुछ हिस्सों में पैदा हुए संकटों की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक व्यवस्था एक बड़े बदलाव से गुजर रही है, जिसमें नई शक्तियां उभर रही हैं। उन्होंने अमेरिका और चीन के बीच प्रतिस्पर्धा को आज के वैश्विक तनाव के कारणों में से एक बताया लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि दुनिया के सामने मौजूद सभी चुनौतियों के पीछे केवल यही एक कारण नहीं है।
Location : New Delhi
Published : 14 November 2026, 3:02 PM IST