कोल्हुई में सोने की शुद्धता की जांच का वीडियो वायरल होने पर बवाल, थाने पहुंचे दो दर्जन से अधिक सर्राफा व्यापारी

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने कोल्हुई के सर्राफा बाजार में तहलका मचा दिया, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। बात दुकानदारी पर आई तो तनाव इस कदर बढ़ा कि मामला सीधे पुलिस थाने तक जा पहुंचा। पुलिस की मध्यस्थता से हुई इस पंचायत में क्या फैसला हुआ? जानिए इस विवाद की पूरी कहानी...

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 30 July 2026, 6:31 PM IST
google-preferred

Kolhui: महाराजगंज के कोल्हुई क्षेत्र में सोशल मीडिया पर सोने की शुद्धता की जांच से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया। मामला बढ़ने पर दो दर्जन से अधिक सर्राफा व्यापारी थाना कोल्हुई पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई।

व्यापारियों ने जताई दुकानदारी प्रभावित होने की चिंता

एक पक्ष का आरोप था कि कस्बे का एक व्यक्ति सोने के आभूषणों की शुद्धता की जांच कर उसे कम गुणवत्ता वाला बताता है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और कारोबार प्रभावित हो रहा है। इसी बात से नाराज होकर एक स्वर्ण व्यापारी ने सोशल मीडिया पर शुद्धता की जांच करने वाले व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित पोस्ट साझा कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और कई व्यापारी भी इस विवाद में शामिल हो गए।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल का WhatsApp हैक, 500 लोगों से 25-25 हजार रुपये मांगने की कोशिश

पंचायत के बाद आपसी सहमति से सुलझा मामला

विवाद बढ़ने पर थाना परिसर में पुलिस और स्थानीय व्यापारियों की मौजूदगी में पंचायत चली। लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई।

समझौते के दौरान यह निर्णय लिया गया कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति या संस्था किसी आभूषण की शुद्धता की जांच कर उसकी जानकारी सार्वजनिक करती है, तो उसके साथ संबंधित आभूषण का वैध खरीद बिल अथवा प्रमाण भी प्रस्तुत करना होगा। इससे बिना पर्याप्त आधार के किसी व्यापारी की छवि प्रभावित नहीं होगी और उपभोक्ताओं को भी पूरी एवं पारदर्शी जानकारी मिल सकेगी।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर DM सख्त, डॉक्टरों-बीसीपीएम को नोटिस; मानदेय रोकने के दिए आदेश

कानून का सहारा लेने की अपील

थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आपसी सहमति से मामले का शांतिपूर्ण निस्तारण करा दिया गया है। उन्होंने सभी से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की।

Location :  Kolhui

Published :  30 July 2026, 6:31 PM IST

Related News

Advertisement