हिंदी
पुरानी रंजिश में युवक का ईंट से सिर कुचला (सोर्स- Pinterest)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सूर्य विहार में पुरानी रंजिश के चलते 24 वर्षीय दिनेश निषाद पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि काम से घर लौटते समय हमलावरों ने इंटरलॉकिंग ईंट से उसके सिर के पीछे वार कर दिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पांच दिन बाद शुक्रवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, सात सितंबर को दिनेश घर लौट रहा था। इसी दौरान छोटू और उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने कथित तौर पर उससे शराब के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में छोटू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दिनेश के परिवार का पुरानी रंजिश से संबंध बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उसके बड़े भाई राजकुमार की भी कुछ वर्ष पहले पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपू निषाद उर्फ दीपू सागर, विकास उर्फ विक्का, आकाश उर्फ अक्का समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। सभी आरोपी जेल भेजे गए थे और बाद में जमानत पर बाहर आए थे।
वाकई मां ने ही छीनी अपने जिगर के टुकड़े की साँसें? कानपुर में किशोर की रहस्यमयी मौत से मचा हड़कंप
दिनेश हलवाई का काम करता था। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़े भाई राजेश उर्फ धमाका को पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर बताया गया है, जिसके खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। परिवार में तीसरे नंबर पर शिवकुमार और चौथे नंबर पर दिनेश था। उसके माता-पिता शांति और जयराम का पहले ही निधन हो चुका है।
दिनेश के बहनोई गुलशन और अन्य परिजनों ने चौकी पुलिस पर सूचना देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद जब उन्होंने पुलिस को जानकारी दी तो दरोगा ने कथित तौर पर बाढ़ ड्यूटी का हवाला देते हुए 100 नंबर पर सूचना देने को कहा। परिजनों का आरोप है कि दिनेश की हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
दिनेश के भाई राजेश का दावा है कि युवक चार दिन तक अस्पताल में भर्ती रहा, लेकिन पुलिसकर्मी उसका बयान दर्ज करने नहीं पहुंचे। हालांकि, पुलिस की ओर से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौत की सूचना के बाद किसी तरह के हंगामे की आशंका को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
नवाबगंज इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि दिनेश के भाई की तहरीर पर छोटू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो-तीन अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
Location : Kanpur
Published : 13 September 2026, 10:47 AM IST